सुरक्षाबलों ने लश्कर जिला कमांडर गुलजार सहित 4 आतंकी ढेर किए
जम्मू कश्मीर. भारतीय सुरक्षाबलों ने बड़ी कामयाबी हासिल की है। दो अलग-अलग मुठभेड़ों में उन्होंने टारगेट किलिंग करने वाले आतंकियों को मार गिराया है। जवानों ने कश्मीर में बिहार व उत्तर प्रदेश के श्रमिकों की हत्या में शामिल रहे आतंकियों को ढेर कर दिया है। जवानों ने लश्कर के जिला कमांडर गुलजार अहमद रेशी और द रजिस्टेंस फ्रंट (टीआरएफ) के जिला कमांडर आदिल हुसैन वानी सहित चार आतंकियों को कुलगाम और शोपियां में हुई दो मुठभेड़ में मार गिराया। आतंकियों से लोहा लेते एक सैन्यकर्मी शहीद और दो अन्य जवान जख्मी हो गए। मारे गए आतंकियों के पास से सुरक्षाबलों ने हथियारों का जखीरा बरामद किया है। शोपियां मुठभेड़ में शहीद सैन्यकर्मी की पहचान कर्णवीर सिंह के रूप में हुई है। दोनों मुठभेड़ करीब सात घंटे के अंतराल पर हुई हैं।
ऐसे चली दोनों मुठभेड़
पहली मुठभेड़ में पुलिस, सेना और सीआरपीएफ के एक संयुक्त कार्यदल ने शोपियां के द्रग्गड़ इलाके की घेराबंदी कर तलाशी शुरू की। अस्पताल में एक सैन्यकर्मी ने शहादत पाई। मारे गए आतंकियों की पहचान आदिल अहमद वानी व शाकिर अहमद वानी के रूप में हुई है। दूसरी मुठभेड़ में शाम करीब सात बजे शोपियां के साथ सटे जिला कुलगाम के सोपट इलाके में सुरक्षाबलों ने अभियान चलाया। जवान जैसे ही आतंकियों के ठिकाने की तरफ बढ़े, उन्होंने फायरिग शुरू कर दी। जवाबी फायर करते हुए सुरक्षाबलों ने करीब 10 मिनट में ही वहां छिपे दोनों आतंकियों को मार गिराया।