हैदराबाद में तेज बारिश से बाढ़ जैसे हालात, दो लोग नाले में बहे, तलाश जारी
हैदराबाद. तेलंगाना (Telangana) की राजधानी हैदराबाद (Hyderabad) में बीती रात हुई तेज बारिश से बाढ़ (Flood) के हालात बन गए हैं. देर रात कई हिस्सों में हुई तेज बारिश के बाद वनस्थलीपुरम (Vanasthalipuram) की सड़कों पर घुटनों तक पानी भर गया. अभी तक की जानकारी के मुताबिक बाढ़ के चलते दो लोग नाले में बह गए, जिनकी तलाश की जा रही है. हैदराबाद के मौसम विभाग के निदेशक ने बताया है कि अगले 24 घंटों के दौरान हैदराबाद समेत तेलंगाना के कई जिलों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है.
हैदराबाद में भारी बारिश के चलते ओल्ड सिटी के रेस्तरां में पानी भर गया. सड़कों पर पानी भर जाने के कारण लोगों को खासी दिक्कत का सामना करना पड़ रहा है. हालात इस कदर बिगड़ चुके हैं कि लोगों के घरों के अंदर भी बारिश को पानी पहुंचने लगा है.
हैदराबाद के वनस्थलीपुरम के कई हिस्सों में बारिश के चलते सड़कें पूरी तरह से पानी से भर गई हैं. सड़क पर पानी भरे होने के कारण लोगों को चलते में काफी दिक्कत का सामना करना पड़ रहा है. एसीपी के. पुरुषोत्तम ने बताया कि भारी बारिश के कारण नाले में पानी भर जाने से दो लोग बह गए हैं. बचाव दल उनकी तलाश कर रहा है.
मौसम विभाग ने मुताबिक अगले 24 घंटों के दौरान तेलंगाना, पंजाब, मध्य प्रदेश, केरल, गुजरात, राजस्थान, दिल्ली, अंडमान-निकोबार, तमिलनाडु, हरियाणा, कर्नाटक और गोवा, आंध्र प्रदेश, रायलसीमा के कुछ हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है.