दिल्ली के हरकेश नगर में कपड़े के गोदाम में लगी भीषण आग, दमकल की 18 गाड़ियां मौके पर मौजूद

नई दिल्ली. राजधानी दिल्‍ली के ओखला फेज 2 (Okhla Phase 2) में स्थित हरकेश नगर में कपड़े के गोदाम में भीषण आग (Delhi Fire) लगने की खबर सामने आयी है. वहीं, सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची दमकल विभाग की 18 गाड़ियां आग पर काबू पाने की कोशिश में लगी हुई हैं. जानकारी के मुताबिक, कपड़े के गोदाम आग लगने की यह घटना आज सुबह 3:45 बजे हुई है. वहीं, इस घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है.

दमकल विभाग के मुताबिक, कपड़े के गोदाम में लगी भीषण आग से अब तक किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है. वहीं, आग बेसमेंट और फर्स्‍ट फ्लोर तक पहुंच चुकी है. इस वक्‍त आग पर काबू का प्रयास जारी है. वहीं, अब तक आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है. हालांकि शॉर्ट सर्किट की वजह से लाग लगने की संभावना जताई जा रही है. इस समय दमकल विभाग के अलावा दिल्‍ली पुलिस और एमसीडी के अधिकारी मौके पर मौजूद हैं.

बता दें कि इससे पहले मंगलवार की सुबह साउथ दिल्ली के ग्रेटर कैलाश थाना क्षेत्र के ग्रेटर कैलाश पार्ट-1 में तीन मंजिला इमारत में आग लग गई थी. इस दौरान दो बुजुर्ग समेत 10 लोग फंस गए थे. यही नहीं, सूचना मिलने के बाद दमकल विभाग की चार गाड़ियों ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाया था. हालांकि दमकल के पहुंचने से पहले ही पुलिस ने दरवाजा तोड़कर सभी को बाहर निकाल लिया था और आग पर काबू पाने की कोशिश की जा रही थी.