अपराधियों पर लगाम, माफिया की संपत्ति जब्त, गांधी जयंती पर योगी आदित्यनाथ सरकार का बड़ा संदेश
नई दिल्ली. उत्तर प्रदेश में 2022 में होने विधानसभा चुनाव (Uttar Pradesh Assembly Election 2022) की तैयारी में जुटी योगी सरकार (Yogi government) अब मतदाताओं को अपनी उपलब्धियां गिनवाने में जुटी हुई है. प्रदेश के मुख्य सचिव (Chief Secretary) आरके तिवारी ने 30 सितंबर को सभी जिलाधिकारियों को एक विस्तृत पत्र भेजा है. इसमें लिखा है कि गांधी जयंती पर जनता को सरकार की विभिन्न उपलब्धियों को बताया जाए. इसमें प्रमुख रूप से एंटी-रोमियो स्क्वाड द्वारा एक करोड़ से अधिक लोगों की चेकिंग, 144 अपराधियों को मुठभेड़ों में मार गिराना, सीएए विरोधी प्रदर्शन (Anti-CAA Protest) करने में सार्वजनिक संपत्ति का नुकसान पहुंचाने वालों से 26 लाख रुपए से अधिक की वसूली और बड़े माफियाओं की 742 करोड़ की संपत्ति या तो बुलडोजर से ढहा दी गई या फिर जब्त कर ली गई है, जैसे तथ्य शामिल किए गए हैं.
News18 के पास इस पत्र की एक प्रति उपलब्ध है, जो कानून और व्यवस्था, किसानों को छूट, निवेश और नए बुनियादी ढांचे जैसी कई उपलब्धियों के जिक्र से भरा हुआ है. इसमें लिखा है कि यूपी पुलिस ने 2017 में योगी सरकार के सत्ता में आने के तुरंत बाद, स्कूलों और कॉलेजों जैसे सार्वजनिक स्थानों पर यौन उत्पीड़न की घटनाओं की रोकथाम और जांच के लिए एंटी-रोमियो स्क्वाड बनाया था. पत्र के अनुसार इस स्क्वाड ने पिछले चार सालों में करीब 1.10 करोड़ लोगों की जांच-परख की है. इनमें से 46 लाख लोगों को चेतावनी देकर छोड़ दिया गया, जबकि 11000 मामलों में एफआईआर कर करीब 16,000 से अधिक लोगों पर कार्रवाई हुई. पत्र में बताया गया कि इन स्क्वाड में 42 लाख जगहों की जांच की जा चुकी है.
इसके अलावा, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पिछले साल मिशन शक्ति अभियान की शुरुआत की और राज्य में महिलाओं की सुरक्षा और गरिमा के लिए बड़ा कदम उठाया. उन्होंने महिलाओं और लड़कियों के खिलाफ अपराध करने वाले से सख्ती से निपटा और 5.26 लोगों के खिलाफ कार्रवाई की. इसमें 1535 पुलिस थानों में महिला हेल्प डेस्क स्थापित की गई और 218 फास्ट ट्रैक कोर्ट बनाए गए. पत्र में लिखा है कि सरकार ने सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचाने वाले सीएए विरोधी प्रदर्शनकारियों से 26.33 लाख रुपए की वसूली की. इस पत्र में धार्मिक-धर्मांतरण कानून के लाए जाने को एक उपलब्धि कहा गया है.
अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई
इस पत्र के अनुसार योगी सरकार 2017 से ही अपराधियों पर सख्त रही है और 144 अपराधियों को पुलिस ने मुठभेड़ों में मार गिराया और 3,291 अपराधी घायल हुए हैं. इसके अलावा, गैंगस्टर अधिनियम के तहत पिछले साढ़े चार सालों में 43,000 से अधिक अपराधियों को जेल भेजा गया और राष्ट्रीय सुरक्षा अधिनियम के तहत आरोपित होने वाले 630 लोगों को जेल भेजा गया. योगी सरकार ने बड़े माफियाओं जैसे मुख्तार अंसारी और अतीक अहमद के खिलाफ भी कार्रवाई की है और अब उसे चुनावी मुद्दा बना रही है. यह संगठित अपराध के खिलाफ हुई एक दृश्यमान कार्रवाई है. मुख्य सचिव ने पत्र में लिखा है कि राज्य के 33 शीर्ष माफियाओं की 742 करोड़ रुपए की संपत्ति को या तो नष्ट कर दिया गया या फिर राज्य सरकार ने पिछले साढ़े चार सालों में उसे जब्त किया है.
गांधी जयंती संदेश: ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास’
उत्तर प्रदेश सरकार हर गांधी जयंती पर सूचना अभियान चलाती है. इस बार सूचना, नए संदेश के साथ है. इस बार सरकारी समारोहों को ‘आजादी का अमृत महोत्सव’ जैसे कार्यक्रमों से जोड़ा गया है. इसमें स्वतंत्रता सेनानियों और राष्ट्र की सेवा में शामिल लोगों का सम्मान किया जा रहा है. मुख्य सचिव ने पत्र में लिखा है कि हर गांव में ‘हर घर जल’ योजना पर बैठकें आयोजित की जाएं. पत्र में यूपी सरकार का नया नारा ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास’ भी दोहराया गया है. इसमें कहा गया है कि भारत के बारे में महात्मा गांधी के सपने को आत्मनिर्भर भारत की दृष्टि से साकार किया जा सकता है.