SBI का ग्राहकों को तोहफा! बेस रेट और लेडिंग रेट में कर दी कटौती, आपकी जेब पर होगा सीधा असर

देश के सबसे बड़े कर्जदाता स्‍टेट बैंक ऑफ इंडिया (SBI) ने ग्राहकों को राहत देते हुए ब्‍याज दरों में कटौती (Rate Cut) का ऐलान किया है. एसबीआई ने 14 सितंबर 2021 को फैसला किया है कि आधार दरों (Base Rates) में 5 आधार अंक यानी 0.05 फीसदी की कटौती की जाएगी. इसके बाद नई ब्‍याज दरें 7.45 फीसदी हो जाएंगी. वहीं, बैंक ने कहा है कि लेंडिंग रेट (PLR) में भी 5 आधार अंक की कटौती कर 12.20 फीसदी किया जाएगा. नई दरें 15 सितंबर 2021 यानी कल से लागू हो जाएंगी.


अब कम देनी होगी लोन की ईएमआई
एसबीआई के इस फैसले का आम आदमी की जेब पर सीधा असर पड़ेगा. इससे एसबीआई के ग्राहकों को अब होम लोन, ऑटो लोन, पर्सनल लोन समेत कई तरह के लोन की मासिक किस्त कम देनी होगी. बता दें कि जुलाई 2010 के बाद लिए गए सभी होम लोन बेस रेट से लिंक्ड हैं. इस मामले में बैंकों को आजादी है कि वे कॉस्ट ऑफ फंड्स की गणना औसत फंड कॉस्‍ट के हिसाब से करें या एमसीएलआर के हिसाब से करें. इससे पहले पिछले सप्‍ताह निजी क्षेत्र के कोटक महिंद्रा बैंक ने होम लोन की ब्याज दर में कटौती का ऐलान किया था. कोटक महिंद्रा बैंक ने 0.15 फीसदी कटौती की है. कटौती के बाद होम लोन की ब्याज दर 6.50 फीसदी पर आ गई है.