हिमाचल: अफगानिस्तान में फंसे के सरकाघाट के 2 युवक, परिजनों ने सीएम जयराम ठाकुर से मांगी मदद
मंडी. हिमाचल प्रदेश के मंडी जिला के सरकाघाट उपमंडल के दो युवा अफगानिस्तान में छिड़े गृह युद्ध के दौरान वहां फंस गए हैं. ऐसे में उनके परिजनों ने राज्य सरकार से मदद की गुहार लगाई है.
जानकारी के अनुसार, जो युवा वहां पर फंसे हैं उनमें एक 36 वर्षीय नवीन ठाकुर पुत्र मान सिंह निवासी वार्ड नम्बर दो सरकाघाट, जबकि दूसरा राहुल बुराड़ी पुत्र बलवंत बुराड़ी निवासी रोपा कॉलोनी सरकाघाट हैं. दोनों युवा अफगानिस्तान में रोजगार करने गए हुए थे, लेकिन अब वहां पर गृह युद्ध शुरू होने के कारण फंस कर रह गए हैं. दोनों की भारत में अपने परिजनों से बात हो रही है और दोनों ने उन्हें वापस अपने देश पहुंचाने की गुहार लगाई है. इन दोनों के परिजनों ने मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर को सारी स्थिति से अवगत करवाते हुए अपने बच्चों को सुरक्षित घर पहुंचाने की मांग उठाई है. मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने भी इस मामले को भारत सरकार के विदेश मंत्रालय के साथ उठाकर हर संभव मदद का भरोसा दिलाया है.
क्या बोले सीएम
सीएम जयराम ठाकुर ने कहा कि इस संबंध् में डिटेल देने को कहा है, ताकि भारतीय दूतावास से बातचीत कर युवक को सुरक्षित वापस लाया जा सके. भारत सरकार लगातार नजर बनाए हुए है. उन्होंने कहा कि भारत सरकार कई फंसे भारतीयों को सुरक्षित लाया है. अभी भी जो भारतीय अफगानिस्तान में फंसे हैं, उन्हें वापस लाने का प्रयास किया जा रहा है.