खुदकुशी के लिए ट्रेन के आगे कूदा, दोनो हाथ गवां बैठा
ग्वालियर। रेलवे स्टेशन प्लेटफार्म नंबर दो पर सुबह करीब 5 बजे एक युवक कुर्सी पर बैठा था। लोगों को लगा कि शायद ट्रेन का इंतजार कर रहा है। इसी दौरान जब श्रीधाम एक्सप्रेस रवाना हुई तो युवक के हाव भाव में परिवर्तन आया और वह ट्रैक की तरफ बढ़ने लगा। कोई कुछ समझता इसके पहले ही युवक ने छलांग लगा दी।
यात्रियों ने जब युवक को कूदते देखा तो तत्काल चैन पुलिंग कर ट्रेन रोकी, हालांकि युवक इस घटना में अपने दोनों हाथ गंवा बैठा है। घटना के बाद घायल को तत्काल जेएएच के ट्रामा सेंटर में भर्ती कराया गया है। जहां हालत खतरे के बाहर बताई जा रही है।
रविवार को सुबह जबलपुर से निजामुद्दीन जाने वाली श्रीधाम एक्सप्रेस प्लेटफार्म नंबर दो पर खड़ी हुई थी। गेंदालाल पुत्र श्रीराम निवासी बांधा प्लेटफार्म नंबर दो पर पानी की प्याऊ के पास एक टेबल पर बैठा हुआ था। ट्रेन जैसी ही रवाना हुई तो गेंदालाल ने आगे बढ़ना शुरु कर दिया, थोड़ी रफ्तार पकड़ते ही वह कूद गया।
युवक को ट्रेन और प्लेटफार्म के बीच गेप में गिरता देख यात्रियों ने चैन पुलिंग कर ट्रेन रुकवा दी। घटना की सूचना मिलते ही रेलवे, आरपीएफ एवं जीआरपी का अमला मौके पर पहुंच गया। घायल युवक को बाहर निकाला तो उसके दोनो हाथ गंभीर रुप से घायल हो चुके थे। 108 एम्बुलेंस की मदद से घायल को जयारोग्य अस्पताल में पहुंचाया गया है। युवक अपने दोनो हाथ गंवा बैठा है। हालांकि हालत खतरे से बाहर बनाई गई है।