सरकार बनने पर सबसे पहले अस्पतालों में डॉक्टरों की कमी दूर करेंगे: आरपी सिंह

ग्वालियर। कांग्रेस की सरकार बनने पर हम सबसे पहले प्रदेश के अस्पतालों में डॉक्टरों की कमी को दूर करेंगे। प्रदेश में डॉक्टरों के दस हजार पद स्वीकृत हैं और केवल 2600 डॉक्टर ही काम कर रहे हैं, जबकि जरूरत 15 हजार डॉक्टरों की है। यह बात प्रदेश कांगे्रस प्रवक्ता आरपी सिंह ने एक चर्चा के दौरान कही। उन्होंने कहा कि हम डॉक्टरों को कार्य संस्कृति का बेहतर वातावरण देंगे। उनकी सेवा शर्तों को आकर्षक बनाया जायेगा। श्री सिंह ने आग्रह किया कि डॉक्टर्स जनता से सीधे जुड़े होते हैं। वे भाजपा सरकार की सच्चाई जनता को बतायें।
श्री सिंह ने कहा कि चिकित्सा से जुड़ी सभी पद्धतियां एलोपैथी, आयुष, डेन्टल, होम्योपैथी, फिजियोथैरेपी, फार्मासिस्ट, नर्सिंग और पैरामेडिकल की सेवाएं लेकर प्रदेश की खस्ताहाल स्वास्थ्य व्यवस्था को सुधारेंगे। उन्होंने कहा कि हमारे प्रदेश की चिकित्सा व्यवस्था इथोपिया, अफ्रीका से भी खराब हैं। बिल्डिंग बनाने में पैैसा खर्च किया, महंगे उपकरण खरीदे, क्योंकि इनमें कमाई की गुंजाइश थी, लेकिन डॉक्टर और अन्य पैरामेडिकल स्टाफ कहीं नहीं है। भाजपा सरकार ने केवल भ्रष्टाचार की व्यवस्था बनाई है। सरकार द्वारा बहुत सारी अनुपयोगी मशीनें खरीदी गयीं। ऐसे भवन बनाये गये, जिनका कोई उपयोग नहीं हो रहा है।