ग्वालियर में 15 साल के पड़ोसी ने 5वीं की छात्रा से किया रेप

ग्वालियर में 8 साल की बच्ची से दुष्कर्म का मामला सामने आया है। पड़ोस में रहने वाला 15 साल का लड़का उसके घर में घुसा। बच्ची को अकेली पाकर धमकाया और दुष्कर्म किया। जब माता-पिता घर पहुंचे, तो बच्ची रोते हुए मिली। उसके पेट में दर्द हो रहा था। पूछने पर बच्ची ने आपबीती बताई। बालिका ने मां को बताया- आरोपी पहले भी दो बार ऐसी हरकत कर चुका है। घटना शुक्रवार शाम 6.30 बजे की है। परिवार ने गिरवाई थाने में एफआईआर दर्ज कराई है। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में ले लिया है।

गिरवाई के छोटे बाबा की पहाड़िया बिरथरियों का पुरा में रहने वाली बच्ची परिवार के साथ रहती है। वह 5वीं की छात्रा है। मां दुकान चलाती है। पिता मजदूरी करता है। 30 जून शाम 6.30 बजे बच्ची घर पर अकेली थी। इस दौरान पड़ोस में रहने वाला 15 साल का लड़का घर पहुंचा। लड़का भी 10वीं का छात्र है। उसने सब्जी मांगने का बहाना किया। जब बच्ची सब्जी लेने अंदर गई, तो आरोपी ने अंदर से दरवाजा बंद कर दिया। इसके बाद उसकी हत्या की धमकी देकर उससे दुष्कर्म किया। दुष्कर्म के बाद आरोपी भाग गया। इसी समय बच्ची के पिता और मां पहुंचे। उन्हें बच्ची रोते हुए मिली। वारदात के बाद बच्ची सहमी हुई है। हल्की सी आहट पर ही घबरा जाती है। परिजन की मानें, तो बच्ची पर घटना और धमकी गहरा असर पड़ा है। वह घटना के बारे में बात करने पर भी सहम जाती है।