एट्रोसिटी एक्ट: घर-घर लगाए पोस्टर, वाहन रैली आज
ग्वालियर। एट्रोसिटी एक्ट के विरोध में नेता-मंत्रियों के घेराव के बाद अब घर-घर पोस्टर लगना शुरू हो गए हैं। पार्षद चतुर्भुज धनोलिया के समर्थन में एसपी को जिला कांग्रेस की ओर से ज्ञापन सौंपने के बाद कांग्रेस के शक्ति प्रोजेक्ट के जिला संयोजक और एनएसयूआई के पूर्व अध्यक्ष अमित दुबे ने मंगलवार को इस्तीफा दे दिया।
अमित का कहना है कि एट्रोसिटी एक्ट पास कराने में कांग्रेस की भूमिका रहने और जिला कांग्रेस दवारा आमजन पर एट्रोसिटी एक्ट लगवाने वाले पार्षद का समर्थन करना निंदनीय है। वहीं बुधवार को दो अप्रैल उपद्रव मामले से चर्चा में आए राजा चौहान की ओर से सैकड़ों वाहनों की वाहन रैली एट्रोसिटी एक्ट के विरोध में थाटीपुर से शुरू की जाएगी और विभिन्न मार्गो पर होते हुए कलेक्टर को ज्ञापन दिया जाएगा।
लगातार विरोध के बीच पारस विहार कॉलोनी में घर घर कृपया वोट की भीख न मांगे के पोस्टर लगाए गए। एससी-एसटी एक्ट में संशोधन के बाद से सवर्ण संगठनों का विरोध थमने का नाम नहीं ले रहा है। ग्वालियर और चंबल संभाग से इसकी शुस्र्आत हुई और तब से लगातार नेता और मंत्रियों को काले झंडे दिखाने और घेरने का सिलसिला जारी है।
मंगलवार को रक्षक मोर्चा और सपाक्स समाज ने एसपी नवनीत भसीन को ज्ञापन दिया। एडवोकेट शिल्पा डोगरा व साथियों ने ज्ञापन में मांग की कि दो रोज पहले मृगनयनी गार्डन के बाहर अधिवक्ताओं और सवर्ण संगठनों के लोगों के साथ भाजपा के लोगों ने मारपीट की और पुलिस ने उन्हें पकड़ने की बजाए प्रदर्शन कर रहे लोगों को हिरासत में ले लिया। इस पूरे मामले की जांच कराई जाए।