राज्यमंत्री संत को टिकट का इंतजार

भोपाल। मध्यप्रदेश विधानसभा चुनाव में संत समाज भी चुनाव में उतरने की तैयारी में है. कम्प्यूटर बाबा ने चुनाव लड़ने की इच्छा जताई है. उन्होंने कहा है कि सीएम शिवराज सिंह चौहान अगर किसी भी विधानसभा से चुनाव लड़ने को कहते है तो मैं चुनाव जरूर लडूंगा और लाखों वोटों से पार्टी को जीत भी दिलाउंगा.
दरअसल, दर्जा प्राप्त राज्यमंत्री कंप्यूटर बाबा ने विधानसभा चुनाव लड़ने की इच्छा जाहिर की है. उन्होंने कहा है की पार्टी और मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान अगर प्रदेश के किसी भी विधानसभा से चुनाव लड़ने के लिए टिकट देते हैं तो निश्चित रूप से चुनाव लड़ूंगा और लाखों वोटों से जीत भी हासिल करूंगा. कंप्यूटर बाबा ने कहा की प्रदेश के कई ऐसे इलाके हैं, जहां से संत समाज के लोग चुनाव लड़ने को तैयार हैं. करीब डेढ़ दर्जन संतों ने चुनाव लड़ने के लिए मुझे आवेदन दिया है, जिसे लेकर प्रदेश के मुखिया शिवराज सिंह चौहान और संगठन से बात करूंगा. टिकट नहीं मिलने पर भी पूरा संत समाज चुनाव प्रचार प्रचार करेगा.
गौरतलब है कि कम्प्यूटर बाबा ने नर्मदा नदी के दोनों तटों पर पेड़-पौधे लगाने के कथित घोटाले का खुला करने और अवैध रेत खनन पर प्रतिबंध लगाने के लिए अप्रैल में नर्मदा घोटाला रथ यात्रा निकालने का आह्वान किया था. इसके बाद राज्य सरकार ने अप्रैल में 5 बाबाओं को राज्यमंत्री को दर्जा दिया था, जिसमें कम्प्यूटर बाबा का भी नाम शामिल है. राज्यमंत्री का दर्जा मिलने के बाद उन्होंने यह कह कर रथ यात्रा रद्द कर दी थी कि राज्य सरकार ने नर्मदा नदी के संरक्षण के लिए साधु-संतों की कमेटी गठित करने की उनकी मांग पूरी कर दी गई है.