ग्वालियर शहर के थानों का आईजी ग्वालियर ने किया आकस्मिक निरीक्षण
ग्वालियर। पुलिस महानिरीक्षक ग्वालियर जोन अंशुमन यादव ने आज आगामी विधानसभा चुनाव को दृष्टिगत रखते हुए थानों के कार्यों व स्थाई वारंट की तामीली के लिए चलाये जा रहे विशेष अभियान की समीक्षा करने के उद्देश्य से ग्वालियर शहर के थानों का आकस्मिक निरीक्षण किया। आकस्मिक निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक ग्वालियर नवनीत भसीन भी उनके साथ रहे।
पुलिस महानिरीक्षक ग्वालियर जोन व पुलिस अधीक्षक ग्वालियर ने थाना ग्वालियर का आकस्मिक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान पुलिस महानिरीक्षक ने थाना ग्वालियर में रिकॉर्ड व रजिस्टर चैक किये तथा रिकॉर्ड के व्यवस्थित रखरखाव के संबंध में आवश्यक दिशा निर्देश दिये। उन्होने स्थाई वारंट रजिस्टर के अवलोकन उपरान्त खामियां पाई जाने पर इसके तत्काल सुधार हेतु दिशा-निर्देश दिये गये। पुलिस अधीक्षक ग्वालियर द्वारा भी थाना ग्वालियर के आकस्मिक निरीक्षण के दौरान सीएम हेल्प लाईन पर लंबित शिकायत के निराकरण में कोई प्रयास न करते हुए अपने पदीय कर्तव्यों के प्रति लापरवाही एवं उदासीनता बरतने के लिये उप निरीक्षक सुरजीत सिंह परमार तत्कालीन थाना प्रभारी ग्वालियर हाल थाना प्रभारी हस्तिनापुर को 500/-रूपये के अर्थदण्ड से दण्डित किया गया।