IND vs ENG: टीम इंडिया को बड़ा झटका, ऋषभ पंत के बाद एक सपोर्ट स्टाफ भी कोरोना संक्रमित
नई दिल्ली. इंग्लैंड दौरे पर गई भारतीय टीम को एक और बड़ा झटका लगा है. विकेटकीपर बल्लेबाज ऋषभ पंत (Rishabh Pant) के बाद अब सपोर्ट स्टाफ का एक सदस्य भी कोरोना संक्रमित पाया गया है. इंडियन एक्सप्रेस की रिपोर्ट के मुताबिक, ऋषभ पंत के बाद इंग्लैंड में भारतीय टीम के एक सपोर्ट स्टाफ सदस्य की कोविड-19 टेस्ट रिपोर्ट पॉजिटिव पाई गई है. इसके चलते टीम के तीन अन्य कोचिंग स्टाफ को भी क्वारंटीन किया गया है. अब ऋषभ पंत के अलावा सपोर्ट स्टाफ के ये सदस्य भी टीम के साथ डरहम की यात्रा नहीं करेंगे.
रिपोर्ट के मुताबिक, इंग्लैंड में इन दोनों का कोविड-19 वायरस टेस्ट किया गया था और रिपोर्ट पॉजिटिव आई है. रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद पंत को आइसोलेट किया गया है. पंत फिलहाल अपने रिश्तेदारों के घर पर आइसोलेशन में रह रहे हैं और वह बाद में टीम के साथ डरहम में जुड़ेंगे. बाएं हाथ के इस विकेटकीपर बल्लेबाज ने गले में खराश महसूस की थी, जिसके कारण कोविड-19 टेस्ट किया गया था.
पंत के संपर्क में आए साथी खिलाड़ियों और सहयोगी स्टाफ को तीन दिन के लिए आइसोलेशन में रखा गया था और उन्होंने अपना क्वारंटीन पीरियड पूरा कर लिया है. भारतीय क्रिकेटर के कोरोना पॉजिटिव होने की खबर ऐसे वक्त में आई है जब पाकिस्तान के खिलाफ सीमित ओवरों की घरेलू सीरीज से पहले इंग्लैंड के तीन खिलाड़ी और चार स्टाफ सदस्यों सहित सात लोग इस वायरस की चपेट में आ गए थे.
भारत ने साउथैम्प्टन में पिछले महीने ही वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप (WTC Final) का फाइनल खेला था. तब उसे वर्षा बाधित मुकाबले में न्यूजीलैंड के खिलाफ शिकस्त झेलनी पड़ी. अब भारत और इंग्लैंड के बीच पांच मैचों की टेस्ट सीरीज खेली जानी है जिसका आगाज 4 अगस्त से होगा. पहला टेस्ट मैच नॉटिंघम के ट्रेंट ब्रिज में खेला जाएगा. सीरीज का पांचवां और अंतिम टेस्ट मैच मैनचेस्टर के ओल्ड ट्रैफर्ड में 10 सितंबर से शुरू होगा.