कमल शक्तिः भाजपा की सबसे बड़ी ताकत साबित हो सकती है

मध्य प्रदेश के आगामी विधानसभा चुनाव के घमासान को लेकर सूबे के राजनीतिक दल अपनी-अपनी चुनावी तैयारियों में जुटे हुए हैं। इसी क्रम में भारतीय जनता पार्टी भी अपनी चुनावी तैयारियों को अमली जामा पहनाने में लगी हुई है, जिसके चलते भाजपा ने सोशल मीडिया पर अपनी योजनाओं के प्रचार के लिए और कांग्रेस के आरोपों से निपटने के लिए महिलाओं की फ़ौज तैयार की है।

गौरतलब है कि इन महिलाओं को बाकायदा सोशल मीडिया आदि का प्रशिक्षण भी दिया गया है। प्रशिक्षित महिलाएं अपनी-अपनी विधानसभा में 100-100 महिलाओं को जोड़ कर प्रशिक्षण दे रही है, पार्टी द्वारा इन्हें ‘कमल शक्ति‘ का नाम दिया गया है।

गौरतलब है कि मध्य प्रदेश के विधानसभा चुनाव में अब ज्यादा समय नहीं बचा है, ऐसे में भाजपा ने कमल शक्ति के रूप में विरोधियों के लिए एक बड़ी चुनौती पेश कर दी है।

विधानसभा चुनाव को लेकर भाजपा की गंभीर तैयारियां अब सामने आने लगी हैं, पार्टी एक के बाद एक तीर अपने चुनाव प्रचार अभियान के तरकश में शामिल कर रही है, जो भाजपा के विरोधियों को माकूल जवाब दे सकें। इसी कड़ी में कमल शक्ति का गठन कर प्रशिक्षण दिया गया है। विशेषज्ञों की मानें तो, भाजपा की कमल शक्ति आने वाले समय में शायद पार्टी की सबसे बड़ी ताकत बन सकती है, जिसके पीछे कई कारण हैं।

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान शुरू से ही महिलाओं के उत्थान के लिए काम कर रहे हैं, प्रदेश में हुए कई सर्वे में भी अधिक से अधिक महिलाओं ने शिवराज सिंह चौहान को बतौर मुख्यमंत्री अपनी पहली पसंद बताया हुआ है, ऐसे में कमल शक्ति के जरिये भाजपा शिवराज सरकार की महिला हितैषी सरकार की छवि को भुनाने की पूरी कोशिश करेगी।