अच्छे नागरिक बनकर बढ़ाएं विश्वविद्यालय का गौरव

ग्वालियर। मध्यप्रदेश के उस राजमाता विजयाराजे सिंधिया कृषि विश्वविद्यालय के कृषि महाविद्यालय ग्वालियर में अध्ययन के लिए आप चयनित हुए हैं जो देश में अपनी गुणवत्तापरक शिक्षा, अनुसंधान और प्रसार गतिविधियों के लिए देश में दसवीं वरीयता पर आया है। यह विश्वविद्यालय आपको जीवन में सफल होने के लिए कई रास्ते देने जा रहा है। इस रास्तों पर चलने के लिए आप सबसे पहले अच्छे नागरिक बनें तभी देश प्रदेश और विश्वविद्यालय का गौरव बढ़ेगा।
कृषि विश्वविद्यालय ग्वालियर में स्टूडेन्ट इंडक्शन प्रोग्राम अभिनंदन 2018 में नव प्रवेशी छात्र छात्राओं से यह बात कृषि महाविद्यालय के अकादमिक प्रभारी डॉ. ए एम जाअुलकर ने कही। उन्होंने छात्र छात्राओं से कहा कि आप सब कृषि शिक्षा में अपना भविष्य बनाने जा रहे हैं। कृषि क्षेत्र वर्तमान समय में सुनहरा क्षेत्र है। देश की प्रगति और तरक्की का आधार कृषि है और कृषि विशेषज्ञ किसानों को ज्ञान और तकनीक का हस्तांतरण करके राष्ट्र की वही सेवा करता है। मानवीय मूल्य विषय के शिक्षक डॉ. यू. सी. सिंह ने विद्यार्थियों से कहा कि तन के साथ मन से भी स्वस्थ रहना जरुरी है। अच्छे आचार विचारों को अपनाने से हमारे मानवीय मूल्य बढते हैं एवं इससे हम एक अच्छे नागरिक बनते हैं। आध्यात्मिक ग्रंथ हमें मनुष्यता का मार्ग दिखलाते हैं। इस अवसर पर उद्यानिकी विभागाध्यक्ष डॉ. राजेश लेखी, डॉ. रश्मि वाजपेयी आदि मौजूद थे।