आकाश चोपड़ा बोले- ऋषभ पंत-विराट कोहली नहीं कर सकते पुजारा-रहाणे जैसा काम

नई दिल्ली. वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप का फाइनल गंवाने के बाद विराट कोहली (Virat Kohli) ने अपनी टीम के बल्लेबाजों को मानसिकता बदलने की सलाह दी थी. विराट कोहली ने कहा था कि बल्लेबाजों को रन बनाने के लिए और जोखिम लेने की जरूरत है. इसके बाद सभी ने अनुमान लगाया जाने लगा कि कप्तान ने ये बात पुजारा के लिए कही है. हालांकि पूर्व टेस्ट क्रिकेटर आकाश चोपड़ा (Aakash Chopra) इस बात से इत्तेफाक नहीं रखते. आकाश चोपड़ा ने कहा कि उन्हें लगता है कि ये बात किसी और संदर्भ में कही गई थी. साथ ही चोपड़ा ने यहां तक कहा कि जो काम चेतेश्वर पुजारा (Cheteshwar Pujara) और अजिंक्य रहाणे (Ajinkya Rahane) कर सकते हैं वो ऋषभ पंत या विराट कोहली नहीं कर पाएंगे.

आकाश चोपड़ा ने अपने यूट्यूब चैनल पर एक फैन को जवाब देते हुए ये बात कही. आकाश चोपड़ा ने कहा, 'इसमें मुझे कोई शक नहीं कि पुजारा और रहाणे इंग्लैंड सीरीज में अच्छा प्रदर्शन करेंगे. लेकिन हर खिलाड़ी का रन बनाने का अपना तरीका है. हमें सबके तरीके का सम्मान करना चाहिए. जो चीज पुजारा से मिलेगी वो पंत नहीं दे पाएंगे और जो काम रहाणे कर सकते हैं वो विराट कोहली से नहीं मिलेगी.'

'विराट कोहली खिलाड़ी नहीं सोच की बात कर रहे थे'

आकाश चोपड़ा ने कहा कि विराट कोहली ने वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप के फाइनल के बाद किसी खिलाड़ी नहीं बल्कि सोच के बारे में बात कही थी. बता दें आकाश चोपड़ा ने WTC Final के बाद भारतीय खिलाड़ियों को अंक दिये थे जिसमें पुजारा सबसे निचले स्थान पर थे. इंग्लैंड के खिलाफ 5 मैचों की टेस्ट सीरीज का आगाज 4 अगस्त से होना है. अहम बात ये है कि पुजारा और रहाणे का इंग्लैंड में रिकॉर्ड अच्छा नहीं है. ऐसे में इन दोनों खिलाड़ियों को इंग्लैंड में रन बनाने के लिए कड़ी मशक्कत करनी पड़ सकती है.