MP News: शादी के बाद दुल्‍हन को लेकर स्‍कूटी से जा रहा था दूल्‍हा, जानें ऐसा क्‍या हुआ कि दोनों की हो गई प‍िटाई

रीवा. मध्य प्रदेश के रीवा जिले के चोरहटा थाना क्षेत्र अंतर्गत मंदिर से प्रेम विवाह (love Marriage) कर घर जा रहे दूल्हा-दुल्हन (Groom-Bride) की दूल्हे के भाई ने रास्ते में रोककर जमकर पिटाई कर दी. इसके बाद नव दंपति ने थाने में जाकर शिकायत दर्ज कराई. तब पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया और मामले पर जांच शुरू कर दी. वहीं दूल्हा दुल्हन के साथ मारपीट का वीडियो भी वायरल हुआ है. मामला बीते बुधवार का है. रीवा शहर के रानी तालाब मंदिर में शिकायतकर्ताओं ने शादी की. इसके बाद वे वापस घर लौट रहे थे. इसी दौरान उनके साथ मारपीट की गई.

चोरहट थाना क्षेत्र में रहने वाले रविराज सिंह चौहान का एक युवती से प्रेम प्रसंग चलता था, लेकिन उसके साथ शादी के लिए परिजनों ने अनुमति नहीं दी थी. इस पर युवक ने रानी तालाब स्थित मंदिर में युवती के साथ शादी कर ली. शादी के बाद वह स्कूटी वाहन में सवार हो दुल्हन को लेकर घर लौट रहा था. तभी गांव के हनुमान मंदिर के समीप भाई विजय बहादुर सिंह ने उन्हें रोक लिया. युवक द्वारा किये गये प्रेम विवाह से नाराज भाई ने दुल्हन के साथ भी मारपीट शुरू कर दी, जिससे हंगामा मच गया. स्थानीय लोगों ने बीचबचाव कर विवाद को शांत कराया. इसके बाद दूल्हा-दुल्हन के साथ थाने पहुंचे. पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर उसे उपचार के लिए अस्पताल भिजवा दिया.

वीडियो वायरल
पुलिस का कहना है कि युवक ने घर वालों की रजामंदी के बिना रानी तालाब मंदिर में शादी की थी. जिस पर भाई ने मारपीट की है. हालांकि उसने दुल्हन के साथ मारपीट की शिकायत नहीं की. जबकि वीडियो में साफ़ दिख रहा है कि दुल्हन के साथ किस तरह से मारपीट की गई. रीवा एएसपी शिव कुमार वर्मा का कहना है कि पुलिस पूरी घटना की जांच की जा रही है.