सिंधिया बनेंगे मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री

जैन संत मुनि विहर्ष सागर महाराज ने ज्योतिरादितय सिंधिया के जल्द ही मप्र का मुख्यमंत्री बनने की भविष्यवाणी की है। यह वाकया मंगलवार को तब हुआ जब सिंधिया ग्वालियर में चल रहे पंचकल्याणक गजरथ महोत्सव में जैन संतों से आशीर्वाद लेने पहुंचे थे। यहां उन्होंने मुनिश्री विहर्ष सागर और विहर्ष सागर से आशीर्वाद लिया। इसी दौरान मुनि विहर्ष सागर ने कहा कि यहां चर्चा होती है कि हो सकता है कुछ दिन बाद सिंधिया जी को आप मुख्यमंत्री के रूप में देखें। उनके यह बोलते ही वहां सिंधिया समर्थकों ने जयकारे लगाने शुरू कर दिए।

आगे आप सिंधिया को मुख्यमंत्री के रूप में देख सकते हैं

केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया को आशीर्वाद देने के बाद विहर्ष सागर महाराज ने कहा कि सिंधिया हमेशा विकास की बात करते हैं। सिंधिया ग्वालियर के विकास के साथ ही प्रदेश में नए आयामों को स्थापित करने के लिए लगातार प्रयास कर रहे हैं। युद्ध चाहे महाभारत का हो या राजनीति का हमेशा धर्म और सत्य की जीत होती है। सही समय पर सही निर्णय ही आपको सफल बनाते हैं। यह बात सुनते ही सिंधिया ने मुनिश्री को नमस्कार किया। इसके बाद मुनिश्री ने कहा कि यहां सभी चर्चा करते हैं कि हो सकता है कि आने वाले कुछ समय में सिंधिया को मुख्यमंत्री के रूप में देखें।

शहर में इस विषय पर खूब चर्चा हो रही

पंचकल्याणक गजरथ महोत्सव में सिंधिया के आगामी समय में मुख्यमंत्री बनने की भविष्यवाणी के बाद शहर में इस विषय पर खूब चर्चा हो रही है। जैन समाज के कुछ लोगों ने कहा कि मुनिश्री विहर्ष सागर का कहा कभी गलत नहीं होता। इसलिए उनकी कही ये बात भी आने वाले समय में सत्य साबित होगी।