कैलाश विजयवर्गीय बोले- भारत में कोरोना की दूसरी लहर चाइना का वायरल वार

बीजेपी महासचिव कैलाश विजयवर्गीय (Kailash Vijayvargiya) ने कोरोना (Corona) की दूसरी लहर के लिए चीन को जिम्मेदार ठहराया है. उन्होंने कहा कि यह लहर आई है या भेजी गई है, यह सोचने वाली बात है. हमें लगता है कि यह चाइना का वायरल वार है, क्योंकि सिर्फ भारत में ही दूसरी लहर को देखा गया है. भारत के आसपास के किसी भी देश में इस लहर का असर नहीं है. पाकिस्तान, बांग्लादेश, श्रीलंका, अफगानिस्तान, भूटान किसी भी देश में दूसरी लहर का असर दिखाई नहीं दिया. पीएम नरेंद्र मोदी की लोकप्रियता खत्म करने के लिए यह साजिश की गई है.

कैलाश विजयवर्गीय ने कहा कि विश्व में भारत ने ही चीन को चुनौती दी है. संभव है कि उसने दूसरी लहर का वायरस भारत के लिए ही भेजा हो. उन्होंने कहा देश भर में दूसरी लहर में ऑक्सीजन की कमी हुई थी, प्रधानमंत्री ने सभी सुविधाओं के लिए दुनिया भर से ऑक्सीजन मंगवाई. देश की तीनों सेनाओं थल सेना, वायु सेना और नौसेना को इस कार्य में लगा दिया था. शुरुआत में 5-6 दिन ऑक्सीजन के लिए जरूर देश के नागरिक परेशान हुए, लेकिन बाद में आपूर्ति सही हो गई.

ये वक्त लड़ाई का नहीं

कैलाश विजयवर्गीय ने कहा कि चाइना का वायरल वार भारत पर हुआ है. ऐसे समय में सभी राजनीतिक पार्टियों को एक हो जाना चाहिए. कुछ दिन पहले मुझे एक कांग्रेसी का फोन आया. उसने मुझसे ऑक्सीजन मशीनें मांगीं. मेरा कहना था कि एक नहीं सैकड़ों मिलेंगी. ब्लैक फंगस को लेकर विजयवर्गीय ने कहा- कमिश्नर से समस्या के लिए फोन आया तो उन्होंने कुछ फंड के बारे में बातचीत की थी. इस पर विजयवर्गीय का कहना था शहर में कई समाजसेवी हैं, जो ऐसे समय में बढ़-चढ़कर मदद करते हैं. 25 से 50 लाख जो मदद हो, वह कुछ ही दिनों में हो जाएगी.

कांग्रेस का सीधा हमला

विजयवर्गीय के बयान पर कांग्रेस ने आपत्ति जताई है. कांग्रेस विधायक कुणाल चौधरी ने कहा देश जब कोरोना से जंग लड़ रहा था तब पश्चिम बंगाल में चुनाव हो रहे थे. जब विश्व के अंदर दूसरी लहर आई तो उन्होंने अपनी तैयारी कर रखी थी लेकिन भारत ने कोई तैयारी नहीं की. यही वजह है कि देश में भयावह हालत बने.

ऑक्सीजन कंसंट्रेटर का वितरण

कैलाश विजयवर्गीय ने इंदौर शहर के बाद अब इंदौर से सटे ग्रामीण इलाकों सांवेर, देपालपुर, महू और राला मंडल अध्यक्षों को 200 (5 प्रति मंडल) ऑक्सीजन कंसंट्रेटर मशीनें पितृ पर्वत पर सौंपी. कार्यक्रम में विजयवर्गीय ने बताया यह मशीनें इन मंडल अध्यक्षों और बीजेपी कार्यकर्ताओं के माध्यम से ग्रामीण लोगों को निःशुल्क उपलब्ध कराई जाएंगी.