Murder के डायलॉग राइटर सुबोध चोपड़ा की मौत, पोस्ट कोविड कॉम्प्लीकेशंस से जूझ रहे थे
‘मर्डर’ (Murder) और रोग (Rog) जैसी फिल्मों के डायलॉग राइटर सुबोध चोपड़ा (Subodh Chopra) कोरोना की जंग जीत चुके थे. निगेटिव रिपोर्ट आने के 6 दिन बाद पोस्ट कोविड कॉम्प्लीकेशंस के कारण उनका निधन हो गया.
फिल्म इंडस्ट्री से एक बुरी खबर है. 49 साल के फिल्म डायलॉग राइटर सुबोध चोपड़ा (Subodh Chopra) का शुक्रवार साढ़े 11 बजे निधन हो गया. इमरान हाशमी-मल्लिका शेरावत स्टारर 'मर्डर' (Murder) और इरफान खान स्टारर 'रोग' (Rog) जैसी सफल फिल्मों के डायलॉग लिख सुबोध अपना खास मुकाम बना चुके थे. कुछ समय पहले वे कोरोना वायरस से संक्रमित हुए थे, लेकिन इलाज के बाद उनकी रिपोर्ट निगेटिव आ चुकी थी. 6 दिन बाद पोस्ट कोविड कॉम्प्लीकेशंस ने उनकी जान ले ली.
एंटरटेनमेंट इंडस्ट्री में सुबोध चोपड़ा 1997 से एक्टिव थे. शुरुआत उन्होंने डीडी 1 के सीरियल 'रिपोर्टर' से बतौर स्क्रीन और डायलॉग राइटर किया. इस सीरियल को विनोद पांडे ने डायरेक्ट किया था और शेखर सुमन, मोना आंबेगांवकर और दिवंगत राज किरण ने इसमें अहम भूमिका निभाई थी. सुबोध ने कई विज्ञापन फिल्मों का निर्देशन किया था. इसके अलावा सुबोध ने टीवी सीरियल 'हकीकत' का एक एपिसोड और 'रिश्ते' के 6 एपिसोड भी लिखे थे. इतना ही नहीं उन्होंने 'सावधान इंडिया' के कई एपिसोड्स डायरेक्ट किए.