दिल्ली के अस्पतालों में हो रही पानी की किल्लत, जल बोर्ड वाइस चेयरमैन ने अफसरों को दिए ये निर्देश
दिल्ली में कोरोना (Corona) मरीजों की संख्या बढ़ने से अस्पतालों पर बड़ा दवाब हो गया है. अस्पतालों में जहां मरीजों को बेड और ऑक्सीजन की किल्लत का सामना करना पड़ रहा है. वहीं, पर्याप्त पानी की सप्लाई भी नहीं हो रही है. इसको लेकर अब दिल्ली जल बोर्ड (Delhi Jal Board) के वाइस चेयरमैन ने अधिकारियों के साथ ऑनलाइन मीटिंग कर समुचित सप्लाई के निर्देश दिए हैं.
साथ ही 2 से 10 घंटे की हो रही बिजली कटौती की समस्या को भी दूर करने का आग्रह बिजली कंपनी के सीईओ को किया गया है.
जल बोर्ड के उपाध्यक्ष राघव चड्ढा (Raghav Chadha) ने गुरुवार को दिल्ली जल बोर्ड के वरिष्ठ अधिकारियों की ऑनलाइन बैठक बुलाई. इसमें जल आपूर्ति से जुड़े सदस्य और मुख्य अभियंताओं के साथ कई विषयों पर समीक्षा की. इसमें जल उत्पादन आपूर्ति का जायजा लिया. शहर में पानी की समान आपूर्ति के साथ-साथ अस्पतालों को निर्बाध आपूर्ति के लिए दिशा निर्देश दिए गए.
इस दौरान कोविड-19 (COVID-19) की चपेट में काफी अधिकारी-कर्मचारी आए, जिसमें से कुछ ठीक हो गए और कुछ का दुर्भाग्यपूर्ण निधन हो गया. कठिन परिस्थितियों के बावजूद डीजेबी के हर कर्मचारी ने अपना कार्य किया है.
उपाध्यक्ष राघव चड्ढा ने कोविड 19 महामारी और गर्मी के महीनों के कारण पानी की ज्यादा मांग की गंभीरता को समझाया. उन्होंने डीजेबी अधिकारियों को पर्याप्त पानी उत्पादन के लिए सभी आवश्यक कदम उठाने के निर्देश दिए. साथ ही जनता को असुविधा ना हो यह सुनिश्चित करने और प्रभावित क्षेत्रों में टैंकर आपूर्ति बढ़ाने का निर्देश दिया.