शहर में पुलिस सुबह 7.30 बजे ही चौराहों पर तैनात हुई, लापरवाही बरतने वालों पर की कार्रवाई

कोरोना के प्रति लापरवाही बरतने वालों के खिलाफ पुलिस ने सख्ती बढ़ा दी है। शनिवार को कर्फ्यू में ढील का समय खत्म होने से डेढ़ घंटा पहले ही पुलिस शहर के विभिन्न चौराहों पर पहुंच गई और वाहन चालकों से सख्ती से पूछताछ की। सड़कों पर अकारण घूमते पाए गए लोगों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए पुलिस ने उन्हें पकड़कर खुली जेल पहुंचा दिया इसके अलावा कई वाहन सवारों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए उनसे जुर्माना वसूला।

कोरोना के मरीजों की बढ़ती संख्या और मौत के लगातार बढ़ते आंकड़े देखते हुए जिला प्रशासन ने शहर में 7 मई तक कर्फ्यू लगा दिया है। कर्फ्यू के बाद भी लोग लापरवाही बरतने से बाज नहीं आ रहे है। जिसे जब मौका मिलता है वो तब ही घर से घूमने के लिए निकल पड़ते है। ऐसे लोगों पर लगाम कसने के लिए सुबह से पुलिस विभिन्न चौराहों पर चेकिंग अभियान चला रही है और चेकिंग अभियान के बाद भी लोग अकारण घूमने से बांज नहीं आ रहे है।

शनिवार सुबह 7.30 बजे से ही पुलिस ने शहर के विभिन्न चौराहों पर चेकिंग अभियान शुरू कर दिया। पुलिस के जवान ठाटीपुर, गोविदपुरी, आकाशवाणी, दीनदयाल नगर, मेला ग्राउंड, गोला का मंदिर, हजीरा, उपनगर ग्वालियर, फूलबाग, नदी गेट, इंदरगंज, दौलतगंज और महाराज बाड़ा क्षेत्र में तैनात थे। कर्फ्यू के दौरान महाराज बाड़े पर बड़ी संख्या मे लोग अकारण घूमते मिले। पूछताछ में यह लोग पुलिस को संतोषजनक जवाब नहीं दे सके इस पर पुलिस ने ऐसे लोगों को पहले से तैयार खड़ी वैन में बैठाकर खुली जेल भेज दिया।