मप्र-उप्र में बस संचालन पर 7 मई तक रोक

ग्वालियर. परिवहन विभाग ने मप्र-उप्र के बीच बस संचालन पर 7 मई तक प्रतिबंध लगा दिया है ऐसा कोरोना संक्रमण को ध्यान में रखकर लिया गया है। इससे ग्वालियर-चंबल अंचल समेत बुंदेलखंड और इटावा के 30 से अधिक जिलों के हजारों लोग प्रभावित होंगे क्योंकि मध्य प्रदेश के ग्वालियर, भिंड, मुरैना, शिवपुरी की सीमा से उप्र के झांसी, आगरा, इटावा, मैनपुरी, जालौन, ललितपुर आदि जिलों के लिए साथ-साथ लखनऊ, कानपुर, अलीगढ़ के लिए रोजाना 120 से 125 बजे आती-जाती है। ऐसे में हजारों की संख्या में लोग इस निर्णय से प्रभावित होने वाले है। यह प्रतिबंध सभी तरह की बसों पर लगाया गया है और पर्यटन परमिट पर भी बसें नहीं चल सकेंगी।

बता दें कि उत्तर प्रदेश में तेजी से कोरोना का संक्रमण फैल रहा है। उप्र से बड़ी संख्या में यात्री मध्य प्रदेश में आ रहे है। ये लोग संक्रमण भी ला रहे है इससे मप्र के शहरों में भी संक्रमण का खतरा बढ़ गया है। इसे ध्यान में रखते हुए दोनों प्रदेशों के बीच बसों के संचालन पर 29 अप्रैल से 7 मई के बीच रोक लगाई गई है। ग्वालियर-चंबल संभाग से उत्तर प्रदेश के झांसी, इटावा, लखनऊ, कानपुर, आगरा सहित अन्य जिलों के लिए बड़ी संख्या में बसें जाती है। ग्वालियर के अंतराज्यीय बस स्टैंड से बड़ी संख्या में झांसी, आगरा व इटावा के लिए बसें आती भी है।