कोरोना में शहीद पुलिसकर्मी के परिवार को सरकार 50 लाख की सहायता व अनुकंपा नियुक्ति देगी- गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा

गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा ने मंगलवार को ट्वीट कर जानकारी दी कि कोरोना की दूसरी लहर के संकट को देखते हुए सरकार ने प्रदेश की जेलों में बंदियों को 60 दिन की पैरोल देने का निर्णय लिया है। इस फैसले के मद्देनजर करीब 4500 बंदी पैरोल पर रिहा किए जाएंगे। मध्य प्रदेश में कोरोना आपदा के दौरान ड्यूटी करते हुए शहीद होने वाले पुलिसकर्मियों के परिजनों को सरकार 50 लाख रुपये की अनुग्रह राशि और अनुकंपा नियुक्ति देगी इसके अलावा पुलिस के सेंट्रल वेलफेयर फंड से सरकारी सहायता के रूप में 1 लाख रुपए की राशि भी उपलब्ध कराई जाएगी।

नरोत्तम मिश्रा ने इंदौर में की बैठक

गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा ने इंदौर के पुलिस कंट्रोल रूम में जनप्रतिनिधियों और पुलिस प्रशासन के अधिकारियों के साथ कोरोना के हालात को लेकर समीक्षा बैठक की है। बैठक में सांसद शंकर लालवानी, मंत्री तुलसीराम सिलावट, विधायक रमेश मेंदोला और महेंद्र हार्डिया भी मौजूद रहे।

मंत्री ने यह जानकारी भी साझा की

मंत्री मिश्रा ने कहा कि कोरोना संकट को लेकर अधिकारियों से बात की है। इंदौर में 724 जवान सेवा करते हुए संक्रमित हुए हैं। वर्तमान में 111 जवानों का इलाज चल रहा है। इनमें से 5 आईसीयू में है। पुरानी योजना कोरोना योद्धा को दो महीने आगे बढ़ा रहे हैं। जवान के शहीद होने पर उन्हें कोरोना योद्धा के रूप में 50 लाख रुपए की सहायता प्रदान की जाएगी। पुलिस वेलफेयर से एक लाख रुपए की तत्काल सहायता दी जाएगी। जेल विभाग को लेकर कहा, दंडित बंदियों की पहले की तरह 60 दिन का पैरोल स्वीकृत करने जा रही है। करीब साढ़े 4 हजार बंदी जेल से रिहा किया जाएंगे।