बंगाल में कोरोना की डरावनी रफ्तार, कोलकाता में टेस्टिंग कराने वाला हर दूसरा व्यक्ति पॉजिटिव

कोलकाता. चुनावी राज्य बंगाल में कोरोना कहर ढा रहा है, पश्चिम बंगाल की राजधानी कोलकाता में आरटी-पीसीआर टेस्ट कराने वाला हर दूसरा व्यक्ति कोरोना पॉजिटिव मिल रहा है वहीं राज्य की बात करें तो सैंपल देने वाले हर 4 में से एक व्यक्ति जांच के दौरान संक्रमित मिल रहा है। पश्चिम बंगाल में आरटी-पीसीआर टेस्ट करने वाली एक बड़ी लैब के डॉक्टर के हवाले से बताया गया है कि कोलकाता और इसके आसपास के इलाकों में पॉजिटिविटी रेट 45 से 55 प्रतिशत तक पहुंच गया है जबकि राज्य के दूसरे हिस्सों में यह 24 प्रतिशत के करीब है।

महीनेभर से कम समय में 5 गुना बढ़ा संक्रमण

राज्य में 1 अप्रैल को 25766 सैंपल की जांच के दौरान केवल 1274 सैंपल पॉजिटिव मिले थे तब पॉजिटिविटी रेट 4.9 प्रतिशत था। शनिवार को 55060 सैंपल जांचे गए जिनमें 14281 पॉजिटिव मिले, संक्रमण की यह दर 25.9 प्रतिशत है। सीधे शब्दों में कहें तो अप्रैल की शुरूआत में जांच कराने पहुंचने वाले 20 में से केवल एक व्यक्ति पॉजिटिव मिल रहा था। यानी तब प्रदेश में पॉजिटिविटी रेट 5 प्रतिशत के करीब था। इस तरह एक महीने से भी कम समय में संक्रमण की रफ्तार में 5 गुना बढ़ोतरी हो चुकी है।