डबरा ताले में बंद थी सांसें-एसपी अमित सांघी की सूचना पर डबरा मिले 40 ऑक्सीजन सिलेण्डर

लोग आपदा में भी कालाबाजारी से बाज नहीं आ रहे है। जेएएच में पिछले 15 घंटों में 11 लोगों की मौत हो चुकी हैं। इन्हें ऑक्सीजन की कमी से मौत माना जा रहा है। वहीं, डबरा में एक सिलेण्डर सप्लायर ब्लैक में ऑक्सीजन से भरे सिलेण्डर बेच रहा था। जब इसकी सूचना पुलिस अधिकारियों को मिली तो वह मौके पर पहुंचे। गोदाम में रखे 40 ऑक्सीजन सिलेण्डर जब्त कर लिये और बरामद सिलेण्डरों में से 22 सिलेण्डर ऑक्सीजन से भरे थे। शेष भी आधे भरे हुए थे। पुलिस ने सिलेण्डर जब्त कर पूछताछ शुरू कर दी हैं।

एसपी अमित सांघी ने बताया कि सूचना मिली थी कि डबरा के बल्ला का डेरा में एक सप्लायर ब्लैक में ऑक्सीजन सिलेण्डर बेच रहा है। इस पर एएसपी जयराज कुबेर व थाना प्रभारी डबरा विनायक शुक्ला मौके पर पहुंचे। मौके से एक युवक को पकड़ा और वहां से 40 सिलेण्डर बरामद किये। युवक ने अपना चेतन गुप्ता बताया है कि पुलिस ने सिलेण्डरों को निजी अस्पतालों में पहुंचा दिया है।

इंडस्ट्रियल उपयोग की सप्लाई के लिए थे सिलेंडर

पड़ताल में पता चला है, बरामद सिलेंडर इंडस्ट्रियल सप्लाई के लिए रखे थे, लेकिन कुछ दिनों से ऑक्सीजन की डिमांड जिले में बढ़ने पर यहां से सिलेंडर ब्लैक में बेचे जा रहे थे। पुलिस ने चेतन गुप्ता से पूछताछ शुरू कर दी है।