लेटर बम अनिल देशमुख को लेकर अपने दावे पर घिरे शरद पवार
मुंबई (Mumbai) के पूर्व पुलिस कमिश्नर परमबीर सिंह (Param Bir Singh) की ओर से महाराष्ट्र के गृह मंत्री अनिल देशमुख (Anil Deshmukh) पर लगाए गए आरोपों के बाद उत्पन्न हुआ सियासी भूचाल थमने का नाम नहीं ले रहा है. सोमवार को इस सिलसिले में एनसीपी प्रमुख शरद पवार (Sharad Pawar) ने प्रेस कॉन्फ्रेंस की. इस दौरान उन्होंने साफतौर पर कहा कि अनिल देशमुख को इस्तीफा देने की कोई जरूरत नहीं है. हालांकि इस दौरान उनकी ओर से किए गए एक दावे पर बीजेपी ने उनपर हमला बोला है.
एनसीपी प्रमुख शरद पवार ने सोमवार को कहा कि जिन तारीखों के बीच अनिल देशमुख पर आरोप लगाए गए हैं, उस दौरान यानी 5 से 15 फरवरी के बीच अनिल देशमुख अस्पताल में भर्ती थे. उसके बाद वह कुछ दिन के लिए क्वारंटाइन भी हुए थे. इसके बाद मीडियाकर्मियों ने भी उनसे कई सवाल किए. इस पर शरद पवार ने कुछ दस्तावेज दिखाते हुए अपने दावे को पुष्ट किया. उनके इस दावे पर बीजेपी की ओर से अमित मालवीय ने निशाना साधा.