महिलाओं के लिए सुरक्षित नहीं 52 स्थान, अब सुरक्षा इंतजाम बढ़ाएंगे
ग्वालियर में 52 स्थान ऐसे हैं जहां महिलाएं सुरक्षित नहीं हैं। जिला प्रशासन, पुलिस व महिला एवं बाल विकास विभाग ने सेफ सिटी प्रोजेक्ट के तहत जब महिला अपराध वाले स्थानों को चिह्नित करना शुरू किया, तो ये हॉट स्पॉट सामने आए। आश्चर्य की बात ये है कि इन हॉट स्पॉट में शहर के सबसे बड़े बाजार महाराज बाड़ा, सराफा समेत रेलवे स्टेशन, जिला अस्पताल समेत सरकारी स्कूल भी शामिल हैं।
जबकि स्टेशन पर पर्याप्त संख्या में पुलिस बल तैनात रहता है। ये 52 हॉट स्पॉट सामने आने के बाद प्रशासन ने अब इन जगहों पर एक सर्वे शुरू कराया है। इसके जरिए यह जानने की कोशिश की जा रही है कि उन स्थानों पर क्या व्यवस्था व सख्ती करनी है, ताकि महिला अपराध कम हों।
महिलाओं की जासूसी से लेकर जबरिया यौन संबंध तक के अपराध, असुरक्षा की वजह असामाजिक तत्वों का जमघट
ऐसे हो रहा सर्वे: प्रशासन ने सभी हॉट स्पॉट पर सर्वे कर असुरक्षा के कारणों का पता लगाना शुरू किया है। इसके लिए 85 लोगों की टीम बनी है। टीम में 54 महिला व 31 पुरूष शामिल हैं। सर्वे 61 बिंदुओं पर ऑनलाइन फार्मेट में कराया जा रहा है। इस काम में जेयू के 27 एमएसडब्ल्यू छात्रों को भी रखा गया है। सीआरपी, शौर्य दल, आंगनबाड़ी, नगर निगम व एनजीओ को भी जोड़ा गया है।
असुरक्षा के कारण: प्रारंभिक चरण में अब तक 11 हॉट स्पॉट क्षेत्र में सर्वे चल रहा है। जिसमें पुलिस की पेट्रोलिंग न होना सबसे बड़ा कारण बताया गया। स्ट्रीट लाइटों का न होना, असामाजिक तत्वों के इकट्ठा होने वाली जगह पर पुलिस की कार्रवाई का न होना, सुनसान क्षेत्र, बस्ती-स्कूलों के आसपास शराब की दुकान होना, सीसीटीवी कैमरों व निगरानी संसाधनों की कमी होना भी कारण के तौर पर सामने आए हैं।
इस तरह हो रहे अपराध
अपहरण, बलात्कार, मारपीट के अलावा महिला अपराध में जासूसी व पीछा करना, अश्लील इशारे, यौन संबंध के लिए जोर डालना, मर्जी के खिलाफ मैसेज करना या तोहफे देना, जानबूझकर पोर्न साइट-कार्टून व तस्वीर या लेख दिखाना, सोशल मीडिया पर अनचाहे मैसेज करना, घूरना, झांकना या पास जाकर लंबी सांस छोड़ना, महिला का वीडियो बनाना व फोटो लेना व अकेले में बुलाना शामिल है।
हर थाना क्षेत्र में महिला अपराध के हॉट स्पॉट
कोतवाली: महाराज बाड़ा, सराफा बाजार, गजराराजा गर्ल्स हायर सेकंडरी स्कूल।
जनकगंज: गोल पहाड़िया, संजय नगर, लक्ष्मीगंज।
गिरवाई: गड्ढे वाला मोहल्ला।
माधवगंज: गुढ़ावीर, आपागंज, गंजीवाला मोहल्ला, लक्कड़खाना।
पड़ाव: लक्ष्मणपुरा, मरीमाता मोहल्ला, लक्ष्मीबाई कॉलोनी, फूलबाग।
इंदरगंज: फालका बाजार, गेंडे वाली सड़क।
कंपू: आमखो, कैंसर पहाड़िया, अवाड़पुरा।
हजीरा: इंद्रा नगर, गदाईपुरा।
ग्वालियर: घासमंडी, लधेड़ी।
बहोड़ापुर: इंद्रा कॉलोनी, पंचशील नगर।
महाराजपुरा: दीनदयाल नगर का खेल मैदान, ग्लेारी विला शताब्दीपुरम, महाराजपुरा कांपलेक्स।
महिला थाना: रेलवे स्टेशन, एमएलबी कॉलोनी।
मुरार: तिकोनिया पार्क, जिला अस्पताल, घासमंडी।
गोले का मंदिर: आदर्श कॉलोनी, नारायण विहार।
थाटीपुर: भीम नगर, मयूर मार्केट, न्यू आनंद नगर, सुरेश नगर।
विश्वविद्यालय: महलगांव, सिंधिया नगर।
सिरोल: हुरावली तिराहा, हरीखेड़ा।
झांसी रोड: कैंसर पहाड़ी, नाका चंद्रबदनी।
तिघरा: कुलैथ।
डबरा: महारवीर, हनुमान डाढ़ा।
करहिया: ग्राम करहिया।
बिजौली : रतवाई।
भितरवार: भितरवार क्षेत्र।
सर्वे पूरा होने के बाद सुरक्षा इंतजाम करेंगे
^सेफ सिटी प्रोजेक्ट के तहत जिले में महिला अपराधों को कम करने का प्रयास किया जा रहा है। जिसके लिए पुलिस से हॉट स्पॉट की लिस्ट लेकर अब वहां समस्या व समाधान का सर्वे कराया जा रहा है। हमारा प्रयास है कि अगले एक महीने में सर्वे पूरा हो जाए। इसके बाद चिह्नित हॉट स्पॉट पर सुरक्षा व्यवस्था एवं अन्य इंतजाम किए जाएंगे ताकि महिला अपराधों पर नियंत्रण हो सके।
- राजीव सिंह, जिला कार्यक्रम अधिकारी/महिला एवं बाल विकास विभाग