ये शर्म की बात है:एक साल में छेड़छाड़ की 394 घटनाएं इनमें 56 प्रतिशत पीड़िताएं नाबालिग
बालिकाओं और महिलाओं से अपराधाें में ग्वालियर ने प्रदेश के दाे बड़े शहर इंदौर और भोपाल काे भी पीछे छोड़ दिया है। पुलिस रिकाॅर्ड के मुताबिक पिछले एक साल में ग्वालियर में 2871 महिला अपराध दर्ज किए गए। जबकि भोपाल में 2701 और इंदौर में 2615 महिला अपराध दर्ज हुए।
ग्वालियर में सबसे ज्यादा नाबालिग असुरक्षित हैं, क्योंकि एक साल में छेड़छाड़ की 394 घटनाएं हुईं, इनमें 220 घटनाएं नाबालिगों के साथ हुई। यानी करीब 56 प्रतिशत पीड़िताएं नाबालिग हैं। हालांकि एसपी अमित सांघी का तर्क है कि ग्वालियर में गत तीन वर्ष के आंकड़ों की तुलना करें छेड़छाड़, अपहरण और दुष्कर्म के मामलों में कमी आई है।
सेफ सिटी प्रोजेक्ट में शामिल
बढ़ते महिला अपराध को देखते हुए, ग्वालियर को सेफ सिटी प्रोजेक्ट में शामिल किया है। यहां काउंसलिंग से लेकर हॉट स्पॉट चिह्नित कर पुलिस को सूची महिला बाल विकास विभाग को देना थी। पुलिस ने हॉट स्पॉट चिह्नित किए, लेकिन महिला बाल विकास विभाग की ओर से कोई पहल नहीं की गई। हालांकि एसपी अमित सांघी ने इन क्षेत्रों में गश्त बढ़वा दी है।
विश्लेषण - अगस्त के बाद महिला अपराधों में आई कमी, क्योंकि हॉट स्पॉट चिह्नित कर की प्लानिंग
वर्ष 2020 में जनवरी से अगस्त तक महिला अपराध अधिक हुए। इसके बाद इन अपराधों में गिरावट आई। इसकी वजह थी, ऐसे स्पॉट चिह्नित किए गए, जहां सबसे अधिक महिला अपराध होते हैं। यहां सुधार के लिए बाकायदा एसपी अमित सांघी ने प्लानिंग की। यहां गश्त बढ़ाई, काउंसलिंग कराई। महिला पुलिसकर्मियों की ड्यूटी लगाई, इससे अपराध में गिरावट आई।
आंकड़ों के मुताबिक 2020 में 392 छेड़छाड़ की घटना हुईं, जो 2019 में 408 थीं। अपहरण की 2019 में 171 घटनाएं हुईं, जबकि 2020 में 153 घटनाएं हुईं। दहेज हत्या के मामलों में भी गिरावट आई। 2019 में 31 घटना हुईं, जबकि 2020 में 24 घटना हुईं। दुष्कर्म की 2020में 252 घटनाएँ हुईं, जबकि 2019 में 273 घटना हुईं। 2019 की तुलना में महिलाओं की हत्या के मामले बढ़े।
8 वर्षीय बच्ची से चाचा ने की ज्यादती, घर लौटी मां तो लिपटकर रोने लगी
पिता ड्यूटी और मां पड़ाेस में गए ताे 18 वर्षीय चाचा ही हैवान बन गया और उसने आठ साल की भतीजी से ज्यादती कर दी। बच्ची के साथ गलत काम करने के बाद उसने जान से मारने की धमकी भी दे दी। इस दरिंदगी से बच्ची इतनी दहशत में आ गई कि जब मां घर आई तो वह उनसे लिपटकर रोने लगी। बार-बार बोल रही थी, अगर किसी को बताया तो चाचा जान से मार देंगे।
घटना थाटीपुर में रविवार दोपहर 12 बजे की है। पुलिस ने आरोपी चाचा को गिरफ्तार कर लिया है। बच्ची को परिजन अस्पताल ले गए। जहां उसे कुछ देर भर्ती किया गया। पुलिस के मुताबिक, आराेपी बच्ची के पिता का चचेरा भाई है और पड़ोस में ही रहता है।
पुलिस से कबूला- पोर्न मूवी देखकर हैवान बना
आरोपी से जब पूछताछ की गई तो उसने बताया वह पोर्न वीडियो देखता था। पोर्न वीडियो देखकर वह हैवान बन गया और अपनी भतीजी के साथ ही गलत काम कर दिया।