वर्कफ्रॉम होम करते हुए 600 रुपए से शुरू किया स्टार्टअप, अब हर माह एक लाख की कमाई, सेलेब्रिटीज भी कर रहे प्रमोशन
26 साल की उन्नति चौकसे। मुंबई की निजी कंपनी में टीम मैनेजर हैं। माता-पिता भी बिजनेस मैन हैं। इसलिए खुद भी खुद का स्टार्टअप शुरू कर आत्मनिर्भर बनना चाहती थीं। लॉकडाउन में उन्नति को भी वर्कफ्रॉम होम मिला। यही समय टर्निंग प्वाइंट बना। काम के साथ सपना साकार करने का समय भी मिल गया। उन्नति ने महज 600 रुपए से आर्टिफिशियल ज्वेलरी डिजाइनिंग का बिजनेस शुरू किया। उसे सोशल मीडिया और वेबसाइट के माध्यम से बेचा। उन्नति के डिजाइन इतने क्रिएटिव थे, कई अभिनेत्रियों ने भी ऑर्डर दिए। उन्नति के काम को प्रमोट करने के लिए सोशल मीडिया पेज से जारी भी किया। आज वह एक लाख रुपए महीने कमा रही हैं।
माता-पिता दोनों व्यापारी
भगवानगंज निवासी उन्नति बताती हैं, उनके माता-पिता दोनों ही व्यापारी हैं। दोनों के बिजनेस अलग-अलग हैं। ऐसे में माता-पिता से प्रेरणा लेकर उन्नति ने भी व्यापार शुरू करने की ठानी थी, लेकिन मुंबई में नौकरी और फिर घर से ऑफिस आने-जाने में करीब 10 घंटे की मशक्कत के बाद उनके पास व्यापार के बारे में सोचने का समय ही नहीं होता था, लेकिन कोरोनाकाल के दौरान वर्कफ्रॉम होम करते हुए उन्होंने न केवल स्टार्टअप के बारे में सोचा, बल्कि प्लानिंग के साथ उसे अस्तित्व में भी उतारा। उन्नति आज खुद की वेबसाइट और सोशल मीडिया के जरिए बिजनेस की खुद ब्रांडिंग करती हैं।
घर बैठे जयपुर से बनवाती हैं ज्वेलरी और विदेशों तक सप्लाई
उन्नति आर्टिफिशियल से लेकर अमेरिकन डायमंड तक कुंदन, क्रिस्टल हर तरह की ज्वेलरी डिजाइन करती हैं। इसके बाद डिजाइन जयपुर के कारीगारों को ऑनलाइन भेजकर तैयार कराती हैं। उन्नति ने बड़ी कोरियर कंपनी से अनुबंध किया है, जिससे ज्वलेरी विदेशों तक सप्लाई कर रही हैं। व्यापार को बढ़ाने के लिए उन्नति हर दिन निजी कंपनी की नौकरी करने के बाद 4 घंटे सोशल मीडिया पर अपने बिजनेस के लिए देती हैं। शनिवार और रविवार को पूरा समय व्यापार को बढ़ाने पर ही जाता है।
इन टीबी अभिनेत्रियों ने पहने उन्नति के गहने
उन्नति अब तक 15 से भी ज्यादा टीवी एक्ट्रेस के लिए ज्वेलरी डिजाइन कर चुकी हैं। इनमें कविता कौशिक, टीना दत्ता, कोरियोग्राफर मुक्ति मोहन, आशका गौराडिया, मोनिका खन्ना, माही बिज और करिश्मा तन्ना जैसे बड़े नाम शामिल हैं। इनमें से अधिकांश अभिनेत्रियों ने उन्नति के डिजाइन पहनकर उन्हें अपने सोशल मीडिया पेज से भी प्रमोट किया है।