भिंड में रेत से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली लेकर जा रहा युवक, ठेकेदार के कर्मचारियों से राॅयल्टी को लेकर हुआ झगड़ा; फायरिंग में एक की मौत

चंबल की रेत के अवैध कारोबार में एक और जान चली गई। गुरुवार-शुक्रवार दरमियानी रात अमायन इलाके में रेत कारोबारी और ठेकेदार आमने-सामने आ गए। रॉयल्टी के लिए बनाए गए चेक पोस्ट पर झगड़ा हुआ। विवाद बढ़ने पर सुरक्षा कर्मियों ने फायरिंग कर दी। गोली लगने से एक युवक की मौत हो गई।

सूचना मिलते ही अमायन थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने पॉवर मेक कंपनी के कर्मचारियों पर हत्या का मामला दर्ज कर लिया है। पता चला है कि ट्रैक्टर-ट्रॉली में अवैध रूप से चंबल की रेत भरी थी।

मेहगांव पुरानी बस्ती निवासी रॉकी गुर्जर (29) पुत्र मजबूत सिंह गुर्जर रेत का काम करता था। गुरुवार-शुक्रवार दरमियानी रात वह ट्रैक्टर-ट्रॉली में रेत लेकर अमायन की तरफ आ रहा था। रेत का ठेका पॉवर मेक कंपनी पर है। अमायन में गहेली मढ़ेपुरा रोड पर कंपनी की ओर से चेक पोस्ट बनाया गया है। यहां रॉयलटी वसूली जाती है। रॉकी के साथ उसका दोस्त समरथ सिंह पुत्र अर्जुन सिंह तोमर निवासी गोरमी रोड भी था।

जब रेत लेकर रॉकी और उसका दोस्त यहां गुजरे, तो कंपनी के कर्मचारी बलदेव सिंह राजपूत ग्राम मेहरा और प्रदीप गुर्जर निवासी ग्राम छेकरी ने रोक लिया। यहां रॉयल्टी रसीद को लेकर रॉकी और पॉवर मेक कंपनी के कर्मचारियों के बीच विवाद हो गया।

जब रॉकी ने जबरिया ट्रैक्टर ट्रॉली निकालने का प्रयास किया, तो कंपनी के कर्मचारी बलदेव सिंह और प्रदीप ने फायरिंग शुरू कर दी। इसमें रॉकी गुर्जर को गोली लगी। मौके ही पर ही उसकी मौत हो गई। हत्या के बाद तनाव की स्थिति बन गई। अन्य रेत का काम करने वाले एकत्रित हो गए। अमायन थाना पुलिस भी मौके पर पहुंची।

लगातार हो रहे हैं विवाद, हमले

चंबल की रेत लगातार खूनी होती जा रही है। पिछले कुछ महीने में लगातार गोलीबारी और हत्याएं हो चुकी हैं। इस अमायन पोस्ट पर पहले भी फायरिंग की घटना हो चुकी है।