दिग्गी राजा से मिलने पहुंचीं बीजेपी की ये कद्दावर नेता
जबलपुर की पूर्व सांसद और भाजपा की कद्दावर नेता जयश्री बनर्जी अचानक पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह से मिलने सर्किट हाउस पहुंचीं। दिग्गी राजा से हुई इस अचानक मुलाकात को लेकर बीजेपी और कांग्रेस में तमाम तरह कयास लगने लगे हैं।
बनर्जी ने बताया कि मुलाकात के दौरान कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह ने उनसे स्वास्थ्य को लेकर चर्चा की। पूर्व सांसद की माने तो दिग्विजय सिंह बहुत पहले से उनके करीबी राजनीतिज्ञ सलाहकार रहे हैं। यही वजह है कि जब उन्हें पता चला कि वे फिलहाल जबलपुर में हैं तो बनर्जी उनसे मिलने सर्किट हाउस पहुंच गईं।
बनर्जी ने दिग्विजय सिंह की तारीफ करते हुए बताया कि उन्होंने कहा था कि जब कभी भी उनसे उन्हें कुछ काम हो तो वह बेझिझक होकर दिग्विजय सिंह से मुलाकात करें। यही वजह है कि आज वह उनसे मिलने सर्किट हाउस पहुंच गईं। मुलाकात के दौरान दिग्विजय सिंह ने पूर्व सांसद से पार्टी में एक्टिव होकर काम करने को लेकर कुछ सवाल किए, जिस पर बनर्जी ने कहा कि फिलहाल वह पार्टी के कामों में ज्यादा एक्टिव नहीं है लेकिन कार्यक्रमों में शामिल होती रहती हैं।