रामायण यात्रा ट्रेन रवाना एक साल बाद रवाना भारत दर्शन ट्रेन, यात्रियों की स्क्रीनिंग, लगेज सैनिटाइज

इंदौर रेलवे स्टेशन से शुक्रवार को भारत दर्शन विशेष पर्यटक (रामायण यात्रा) ट्रेन रवाना हुई। आईआरसीटीसी की इस ट्रेन में कुल 805 यात्री रवाना हुए। छह दिनी इस टूर पैकेज में सभी यात्रियों को अयोध्या से चित्रकूट की यात्रा करवाई जाएगी।

ट्रेन के रवाना होने से पहले सभी यात्रियों की स्क्रीनिंग की गई। पीपीई किट पहने स्टाफ ने सभी यात्रियों का पूरा लगेज सैनिटाइज किया। ट्रेन के कोच को भी सैनिटाइज किया गया। लॉकडाउन के पहले पिछले साल आईआरसीटीसी की ट्रेन रवाना हुई थी। उसके बाद यह ट्रेन अब रवाना हुई। इसमें 705 यात्री स्लीपर जबकि 64 यात्री एसी में सवार हुए। सभी यात्री 3 मार्च को लौटेंगे।

आइसोलेशन कोच की व्यवस्था

स्पेशल ट्रेन में आइसोलेशन कोच की व्यवस्था भी की गई है। यदि किसी यात्री को सर्दी-खांसी या बुखार की शिकायत होती है तो उसे इस आइसोलेशन कोच में रखा जाएगा। इसके लिए आईआरसीटीसी ने व्यवस्थाएं की हैं। ट्रेन में यह कोच भी लगाया गया है।

इंदौर-मुंबई के बीच एक और फ्लाइट कल से

एयर एशिया इंदौर से मुंबई के लिए फ्लाइट रविवार से शुरू करेगी। एयरपोर्ट डायरेक्टर अर्यमा सान्याल के अनुसार एयरलाइंस फ्लाइट का संचालन रोजाना करेगी। फिलहाल इंडिगो और एयर इंडिया की फ्लाइट का संचालन हो रहा है। इस फ्लाइट के शुरू होने के बाद इंदौर-मुंबई के बीच अब चार फ्लाइट हो जाएंगी।
ये रहेगा शेड्यूल

फ्लाइट सुबह 6.20 बजे इंदौर आएगी।
इंदौर से रवाना होगी सुबह 6.50 बजे।
किराया : करीब 3500 (जानकारी एयरपोर्ट प्रबंधन और एयरलाइंस के अनुसार)