एंटी माफिया अभियान में मुक्त कराई गयी जमीनों के दाम तय, ऑनलाईन होंगे टेण्डर

ग्वालियर. लोकसंपत्ति प्रबंधन विभाग की देखरेख में एंटी माफिया अभियान में मुक्त सिरोल इलाके की 3 जगहों की संपत्ति की नीलामी की जायेगी। इसके दाम कलेक्टर गाइडलाईन के अनुसार तय कर दिये गये है। मॉडल टाउन की 56630 वर्ग मीटर और ज्योति ढाबे की 48550 वर्गमीटर जमीन की नीलामी की प्रक्रिया बाद में की जायेगी। मॉडल टाउन के दाम 7 करोड 64 लाख रूपये आंकी गयी जबकि ज्योति ढाबे के दाम 25 करोड़ 74 लाख रूपये तय किये हैं। नीलामी से पूर्व इन दोनों स्थानों की जगह जिला प्रशासन द्वारा विकसित किया जायेगा।

किस संपत्ति की कितनी कीमत

कॉस्मो आनंदा सिरोल में 5130 वर्ग मीटर जमीन की गाइड लाइन के मुताबिक कीमत 4.51 करोड़ रुपए आंकी गई है। इसके टेंडर 15 मार्च तक स्वीकार किए जाएंगे। टेंडर डालने वाले व्यक्ति को अमानत राशि के रूप में 9.20 लाख ऑनलाइन जमा करने होंगे।

अल्फानगर अंबेडकर पार्क के पीछे भी 7870 वर्ग मीटर जमीन की नीलामी होगी। इसकी कीमत 2.20 करोड़ रुपए आंकी गई है। ऑनलाइन टेंडर 11 मार्च तक स्वीकार किए जाएंगे। जो लोग टेंडर डालेंगे उन्हें अमानत राशि के रूप में 4.50 लाख जमा करने होंगे।

सिरोल तिराहा रायल सुंदरम गार्डन के पीछे भी 3870 वर्ग मीटर जमीन नीलाम होगी। गाइड लाइन के मुताबिक इसका रेट 1.08 करोड़ रुपए आंका गया है। टेंडर 8 मार्च तक स्वीकार किए जाएंगे।