बदला मौसम का मिजाज रात से छाए थे बादल, सुबह हल्की बूंदाबांदी से बदला मौसम
पिछले 24 घंटे से आसमान में बादल छाए हुए हैं। धूप नहीं निकल रही है। मंगलवार सुबह हल्की बूंदाबांदी से मौसम बदल गया है। रातभर से बादल छाए होने के कारण न्यूनतम तापमान भी 2.7 डिग्री के उछाल के साथ 13.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ है। रात का तापमान बढ़ने पर लोगों को गर्मी का अहसास हुआ है। यही कारण है कि दिन में गर्म कपड़े दिखाई ही नहीं दे रहे हैं।
मौसम विभाग के अनुसार मंगलवार को न्यूनतम तापमान 13.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ है। बादलों के कारण पिछले 24 घंटे में रात का पारा 2.7 डिग्री तक चढ़ा है, जबकि दिन का तापमान भी सामान्य से ऊपर ही बना हुआ है। सोमवार को दिन में अधिकतम तापमान 30.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। जो सामान्य से 4.4 डिग्री अधिक है। इस कारण ठंड पूरी तरह गायब है। अलाव जलने तक बंद हो गए हैं।
मौसम साफ होते ही एक बार फिर आएगी ठंड
मौसम वैज्ञानिक सीके उपाध्याय की माने तो अभी पश्चिमी विक्षोभ का असर अंचल के मौसम पर देखने को मिल रहा है। राजस्थान की ओर चक्रवातीय घेरा बना हुआ है। जिससे बादल और हल्की बारिश की संभावना बनी हुई है, अगले 24 घंटे में और बारिश हो सकती है, साथ ही अगले दो दिन में फिर से मौसम साफ होगा और ठंड एक बार लौट सकती है।
आमजन के जीवन पर क्या प्रभाव
दूसरे सालों की तुलना में इस बार फरवरी कुछ ज्यादा ही गर्म है। आशा के अनुरूप ठंड नहीं पड़ी है। इसका असर आमजन पर भी देखने को मिल रहा है। अभी से गर्म कपड़े गायब हो गए हैं। लोग दिन तो छोड़ों रात को भी गर्म कपड़े नहीं पहन रहे हैं। साथ ही पंखे भी चलने लगे हैं। पर इस मौसम में लापरवाही बरतने पर मौसमी बीमारी सर्दी, खांसी, जुकाम व वायरल फीवर का डर बना रहेगा। क्योंकि पिछले एक सप्ताह में मौसमी बीमारी के मरीज भी जिला अस्पताल की OPD में बढ़ गए हैं।