ग्वालियर- झांसी हाईवे पर कृषि कानून के विरोध में कांग्रेस ने किया चक्काजाम, झारखंड के पूर्व सीएम फंसे रहे

ग्वालियर. कृषि कानून के विरोध में प्रदेश के विभिन्न मुख्य मार्गों पर कांग्रेस सहित अन्य संगठनों द्वारा चक्काजाम किया गया। ग्वालियर-चंबल मप्र के ग्वालियर से 15 किमी दूर बड़ागांव पर किसान संघर्ष समन्वय समिति के आव्हान पर अंचल में भी 6 फरवरी की दोपहर 12 से 3 बजे कांग्रेस कार्यकर्ता चक्काजाम करने हाईवे पर पहुंच गए थे। शनिवार को डबरा शहर क्षेत्र के सिमरिया टेकरी पर ग्वालियर-झांसी हाईवे पर कांग्रेसियों द्वारा चक्काजाम किया गया। यह चक्काजाम दोपहर 12 से शुरू हुआ जो बहुत देर तक जारी रहा। हाईवे के दोनों ओर की सड़कों पर वाहनों का आवागमन रोक दिया गया। बड़ागांव के गणेशपुरा चौराहा पर चक्काजाम करने वालों में प्रमुख रूप कांग्रेस की ओर से सुनील शर्मा, समिति की ओर से अलबेल सिंह राणा, भगवानसिंह गुर्जर, अशोक पाठक, पूरनसिंह राणा, रामकिशन कुशवाह और माकपा के अखिलेश यादव आदि लोग मौजूद रहें।

सड़क के बीचों बीच कांग्रेस कार्यकर्ताओं द्वारा धरना प्रदर्शन किया जा रहा है इसी धरना प्रदर्शन के दौरान झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास गुजर रहे थे। भाजपा के यह वरिष्ठ नेता ग्वालियर की ओर से दतिया की ओर जा रहे थे मगर आंदोलनकारियों ने उन्हें आगे नहीं जाने दिया और सिमरिया टेकरी पर ही रोक दिया। पूर्व मुख्यमंत्री का काफिले को जब रोका गया तो वे बिलौआ से होते हुए आगे की ओर बढ़ गए। डबरा, भितरवार, पिछोर, चीनोर के किसान नेता इस चक्काजाम में शामिल है।