नर्सिंग रिजल्ट घोटाले में अफसरों पर जल्द कार्रवाई करने की मांग

जीवाजी यूनिवर्सिटी में एनएसयूआई के छात्र नेता शुक्रवार को पहुंच गए। छात्र नेता रजिस्ट्रार प्रो. आनंद मिश्रा से मिले और दो दिन पहले छात्रों द्वारा दिए गए मांगपत्र पर कार्रवाई के बारे में पूछा। रजिस्ट्रार के पास मांगपत्र का जवाब पहले से ही तैयार था।

उन्होंने छात्र की मांगों पर जवाब दे दिया। हालांकि छात्र नेता इस पर सहमत नहीं हुए। उनका कहना था कि नर्सिंग रिजल्ट में गड़बड़ी के मामले में सही कार्रवाई नहीं हुई है। कुछ अफसरों को क्लीन चिट दी गई है जबकि वह इस गड़बड़ी में शामिल रहे हैं।

जिनकी भूमिका गड़बड़ी में बताई गई है वह अभी यूनिवर्सिटी में पदस्थ हैं और वह जांच से जुड़े तथ्यों को प्रभावित कर सकते हैं। उल्लेखनीय है कि एनएसयूआई के प्रदेश सचिव सचिन भदौरिया के नेतृत्व में 20 जनवरी को छात्रों ने रजिस्ट्रार का घेराव किया था।

इस पर रजिस्ट्रार ने 22 जनवरी तक सभी मांगों पर कार्रवाई कर जवाब देने के लिए कहा था। अपनी मांग पर हुई कार्रवाई के बारे में जानकारी लेने के लिए छात्र नेता शुक्रवार को रजिस्ट्रार से मिलने के लिए पहुंचे थे।