गमी में शामिल होने जालौन गई बुजुर्ग महिला के घर चोरों का धावा; 7 लाख रुपए नकद समेत गहने चोरी

रिश्तेदार के यहां गमी में शामिल होने गई बुजुर्ग महिला के घर के ताले चटकाकर चोर 7 लाख रुपए नकद, सोना-चांदी के गहने सहित करीब 10 लाख रुपए का सामान चोरी कर ले गए। महिला हज पर जाने की तैयारी कर रही थी। पासपोर्ट भी बन गया था। कुछ समय पहले ही 7 लाख रुपए बैंक से निकालकर घर में रखे थे। चोर रुपयों के साथ बुजुर्ग महिला का हज पर जाने का सपना भी चोरी कर ले गए हैं। घटना थाटीपुर के गौतम नगर की है। शुक्रवार को महिला के वापस लौटने पर घटना का पता लगा है। पुलिस ने चोरी का मामला दर्ज किया है।

थाटीपुर थाना क्षेत्र के गौतम नगर निवासी 65 वर्षीय खातून बेगम पत्नी रहमान खान के परिवार में गमी होने पर दो दिन पहले कोंच जालौन गई थी। शुक्रवार को जब वह लौटी, तो पैरों तले जमीन खिसक गई। घर के ताले टूटे पड़े थे। सामान बिखरा पड़ा था। घटना की सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच के बाद मामला दर्ज कर लिया है। पीड़ित महिला ने बताया कि चोर घर से 7 लाख रुपए नकद के अलावा करीब 4 तौला सोने की चूड़ी, दो बेसर, दो जोड़ी सोने के टॉप्स, एक लोंग, 12 लच्छे चांदी के, दो कमरबंद, दो हार चांदी के पार कर ले गए।

हज जाने के लिए रखे थे रुपए

महिला ने बताया कि उसने रुपए हज पर जाने के लिए बैंक से निकालकर रखे थे। महिला ने बताया कि उसके पति सिंचाई विभाग में पदस्थ थे। उनकी ऑन ड्यूटी मौत के बाद उसे पेंशन मिल रही है। साथ ही, यह नकद फंड के रूप में मिला था, जो उसने हज जाने के लिए संभालकर रखा था।