10 से शहर में रुकेगी मुंबई-निजामुद्दीन राजधानी एक्सप्रेस, 21:25 घंटे में पूरा होने वाला मुंबई का सफर अब 14:30 घंटे में तय होगा

शहर काे मुंबई-निजामुद्दीन राजधानी एक्सप्रेस का स्टॉपेज मिल गया है। यह ट्रेन 10 जनवरी से ग्वालियर में रुकेगी। यह जानकारी रेलवे बोर्ड ने सांसद विवेक नारायण शेजवलकर को मोबाइल पर मैसेज भेजकर दी है। सांसद ने इसकी पुष्टि की। उन्हाेंने बताया कि ट्रेन नंबर 01221 छत्रपति शिवाजी टर्मिनस से 9 जनवरी को चलेगी। यह ट्रेन अगले दिन सुबह 6:23 बजे ग्वालियर आएगी।

वह ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर निजामुद्दीन के लिए रवाना करेंगे। बीते राेज सांसद ने इस ट्रेन के स्टाॅपेज के लिए रेलमंत्री पीयूष गाेयल से मुलाकात की थी। इसके बाद बुधवार को रेलवे बोर्ड ने सांसद को मैसेज भेजकर ट्रेन का स्टॉपेज देने की जानकारी दे दी है। हालांकि अभी झांसी मंडल को इसकी सूचना नहीं मिली है।

मुंबई जाने वाले यात्रियों के इस तरह बचेंगे 7 घंटे

मुंबई राजधानी एक्सप्रेस से मुंबई का सफर महज 14:30 घंटे में पूरा होगा। अभी ग्वालियर के यात्री पंजाब मेल से जाते हैं। इस कारण वे 21: 26 घंटे में मुंबई पहुंचते है। चेंबर ऑफ कॉमर्स के मानसेवी सचिव डॉ. प्रवीण अग्रवाल का कहना है कि इस ट्रेन के स्टॉपेज से यात्रियों का मुंबई के सफर में 7 घंटे की बचत होगी। गौरतलब है कि ग्वालियर से मुंबई जाने वाले यात्रियों की संख्या काफी है। ग्वालियर से मुंबई हर दिन लगभग 800 यात्री सफर करते हैं। इससे मंगला लक्ष्यद्वीप एक्सप्रेस में अक्सर नो रूम की स्थिति बनी रहती है। जबकि पंजाब मेल में लंबी वेटिंग रहती है। वहीं झांसी-बांद्रा में सफर करने पर समय अधिक लगता है।

किस-किस दिन चलेगी राजधानी एक्सप्रेस

ट्रेन नंबर 01221 छत्रपति शिवाजी टर्मिनस-निजामुद्दीन प्रत्येक सोमवार, बुधवार, शुक्रवार और शनिवार को है। जबकि ट्रेन नंबर 01222 निजामुद्दीन-छत्रपति शिवाजी टर्मिनस प्रत्येक मंगलवार, गुुुरुवार, शनिवार और रविवार को है। छत्रपति शिवाजी टर्मिनस से यह ट्रेन शाम 4:10 बजे रवाना होती है। यह ट्रेन झांसी स्टेशन पर अगले दिन सुबह 5:45 बजे पहुंचेगी।

जबकि ग्वालियर स्टेशन पर यह ट्रेन सुबह 6:23 बजे पहुंचेगी। वहीं आगरा स्टेशन पर सुबह 8:20 बजे, वहीं निजामुद्दीन स्टेशन पर सुबह 11 बजे पहुंचेगी। जबकि निजामुद्दीन से यह ट्रेन शाम 4:55 बजे रवाना होगी। जबकि आगरा शाम 6:48 बजे पहुंचेगी। अभी ग्वालियर पहुंचने का समय जारी नहीं हुआ। वहीं झांसी रात 9:26 बजे पहुंचेगी।