वाहन ने बाइक को मारी टक्कर, अनियंत्रित होकर बाइक डिवाइडर से टकराई; दो दोस्तों की मौत, नाराज लोगों ने लगाया जाम

एक कार्यक्रम में शामिल होने बाइक से जा रहे दो दोस्त हादसे का शिकार हो गए। बाइक में किसी तेज रफ्तार वाहन ने टक्कर मारी, जिससे बाइक अनियंत्रित होकर डिवाइडर से जा टकराई। हादसे में दोनों मौके पर मौत हो गई। घटना बुधवार रात गोला का मंदिर मंघाराम फैक्ट्री के सामने की है। गुरुवार दोपहर पोस्टमार्टम के बाद शव परिजन को सौंप दिए गए। स्थानीय लोगों ने गोला का मंदिर चौराहा पर गुरुवार दोपहर 2.20 बजे शव रखकर जाम लगा दिया।

गोला का मंदिर थाना क्षेत्र स्थित प्रगति विहार निवासी 18 वर्षीय राहुल परिहार पुत्र रामदास, 17 वर्षीय राज बाथम पुत्र मुन्ना बाथम दोनों दोस्त थे। काफी समय से दोनों हमेशा एक-दूसरे के साथ दिखते थे। बुधवार रात दोनों अन्य दोस्त की बाइक लेकर जश्न मनाने निकले थे। वह गोला का मंदिर चौराहा से तेज रफ्तार में बिरला नगर पुल की ओर जा रहे थे, तभी मंघाराम फैक्ट्री के सामने पीछे से आ रहे तेज रफ्तार वाहन ने उन्हें टक्कर मार दी। जिससे उनकी बाइक अनियंत्रित होकर डिवाइडर से जा टकराई। हादसे में दोनों दोस्त गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना की सूचना स्थानीय लोगों ने पुलिस को दी। पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों को अस्पताल पहुंचाया। रास्ते में ही उनकी मौत हो गई।

छाया था हल्का कोहरा

बुधवार रात हल्का कोहरा छाया हुआ था। लोगों को मानना है कि कोहरे के कारण दोनों छात्रों की बाइक पीछे से आ रहे अज्ञात वाहन को नहीं दिखी और हादसा हो गया। फिलहाल, पुलिस ने अज्ञात वाहन की टक्कर से हादसा होने का मामला दर्ज किया है।

काश! पहने होते हेलमेट

दोनों छात्र बचपन के दोस्त थे। राहुल अपनी मां का इकलौता सहारा था। वह 10वीं का छात्र था, जबकि राज 9वीं का छात्र था। पता लगा है कि हादसे के समय दोनों में से किसी ने भी हेलमेट नहीं पहना था। जब बाइक डिवाइडर से टकराई है, तो तेज रफ्तार में थी। राहुल और राज का सिर डिवाइडर पर पड़ने से ही मौत हुई है।