दिनदहाड़े ग्वालियर इंजीनियरिंग कॉलेज का गेट उखाड़कर फेंका, पिस्टल हवा में लहराकर चलाई गाेलियां

कॉलेज परिसर के बाहर नया गेट लगवाना विवाद का कारण बन गया। यहां शुक्रवार दोपहर बाइक सवार दो युवक पहुंचे। पहले गाली-गलौज करते हुए हंगामा कर गेट तोड़ दिया। इसके बाद दहशत फैलाने के लिए दो से तीन फायर किए। घटना भिंड रोड स्थित ग्वालियर इंजीनियरिंग कॉलेज परिसर के पास की है। गेट के एक तरफ कॉलेज और दूसरी तरफ कुछ सरकारी जमीन है। इसी को लेकर विवाद है।
महाराजपुरा थाना क्षेत्र स्थित भिंड रोड पर जीईसी का परिसर है। शुक्रवार को कॉलेज प्रबंधन कैंपस के पास ही कॉलेज की ओर जाने वाले रास्ते पर नया गेट बनवा रहा था। मिस्त्री राज कुमार और अशोक राजौरिया पुत्र सरनाम राजौरिया ने गेट भी लगा दिया, तभी बाइक से शिवम राजावत व फौजी नामक युवक पहुंचे। दोनों ने पहले गेट लगाने का विरोध किया, उसके बाद गेट तोड़ दिया।
यही नहीं, विरोध करने पर कॉलेज प्रबंधन के सामने पिस्टल से एक के बाद एक तीन फायर किए। कॉलेज प्रबंधन ने इसकी सूचना पुलिस को दी। पुलिस को देख हमलावर भाग गए। पुलिस ने हमलावरों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
गेट के पास है सरकारी जमीन
पड़ताल में पता चला है कि जहां कॉलेज प्रबंधन द्वारा गेट लगाया जा रहा है। उसके आगे सरकारी जमीन है। गेट लग जाने के बाद वहां आने-जाने में परेशानी होगी, इसलिए आरोपी गेट लगाने का विरोध कर रहे थे।