ग्वालियर से मुंबई के बीच 190 सीटर विमान चलाने की तैयारी, सिविल एविएशन, एयरपोर्ट अथॉरिटी और जिला प्रशासन के बीच सारी बातें तय

महाराजपुरा स्थित राजमाता विजयाराजे सिंधिया विमान तल से जल्द ही 190 सीटर बोइंग विमान उड़ेगा। पहले चरण में ये प्लेन ग्वालियर से मुंबई के लिए उड़ान भरेगा। यदि यात्री संख्या संताेषजनक रही ताे ये सेवा हैदराबाद और बेंगलुरु के लिए भी शुरू की जाएगी। इसके लिए सिविल एविएशन, एयरपोर्ट अथॉरिटी और जिला प्रशासन के बीच सारी बातें तय हो चुकी हैं।
अब एयरपोर्ट के मौजूदा पार्किंग स्पेस के एंट्री गेट को चौड़ा करने का प्रस्ताव है। इस पर सहमति भी बन गई है। ये काम होने के बाद बोइंग विमान का सफर शुरू हाेगा। गौरतलब है कि अभी महाराजपुरा विमान तल से अहमदाबाद, हैदराबाद और बेंगलुरु के लिए 78 सीटर विमानाें के जरिए फ्लाइट संचालित हाे रही हैं।
अभी मुंबई के लिए कोई फ्लाइट नहीं
एयरपोर्ट पर आवश्यकतानुसार निर्माण के बाद मुंबई के लिए बोइंग सेवा शुरू होगी। ये सेवा पहले साप्ताहिक होगी। यात्री संख्या बढ़ने पर इसे रोजाना किया जा सकता है। ये विमान स्पाइसजेट द्वारा संचालित किया जाएगा।
ग्वालियर से मुंबई के लिए अभी कोई फ्लाइट नहीं है। पहले ये सुविधा थी लेकिन एक साल से यह बंद है। मुंबई जाने वाले लोगों को ट्रेन का लंबा सफर करना होता हैै।
विमान तल पर पोल शिफ्ट कर यहां बने एक हॉल को तोड़ा जाएगा। नए निर्माण किए जाएंगे और पार्किंग स्पेस का गेट चौड़ा होगा। शनिवार को हुई छठवीं बैठक में निर्णय हुआ था कि पार्किंग स्पेस का एंट्री गेट चौड़ा होगा।
बीते दिनों बैठक में सहमति बन चुकी है
190 सीटर वाले बोइंग विमान को महाराजपुरा विमानतल से संचालित करने के लिए प्लानिंग की जा रही है। ये हवाई सेवा ग्वालियर काे मुंबई से जाेड़ेगी। इसके लिए बीते दिनों हुई बैठक में सहमति बन चुकी है।