7 दिन के अंदर दूसरी बार PM मोदी MP के 78 लाख किसानों के खाते में भेजेंगे सम्मान राशि

किसान आंदोलन के बीच PM नरेंद्र मोदी एक बार फिर से मध्य प्रदेश समेत देश के किसानों से 25 दिसंबर को रूबरू होंगे। 7 दिन के अंदर दूसरी बार है, जब PM मोदी किसानों से संवाद करने जा रहे हैं और 18 हजार करोड़ रुपए 9 करोड़ किसानों के खाते में सम्मान राशि ट्रांसफर करेंगे। इससे MP के 78 लाख किसानों को फायदा मिलेगा।

असल में, भारत रत्न पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की जयंती 25 दिसंबर को BJP सुशासन दिवस के रूप में मनाएगी। इसी दिन PM मोदी किसान सम्मान निधि के 18 हजार करोड़ रुपए 9 करोड़ किसानों के खातों में भेजेंगे। पार्टी के प्रदेश महामंत्री एवं सुशासन दिवस कार्यक्रम के प्रभारी रणवीर सिंह रावत ने बताया कि PM मोदी किसानों को दोपहर 12 बजे से संबोधित करेंगे और उनके इस संबोधन को प्रदेश के एक करोड़ किसान सुनेंगे। इससे प्रदेश के 78 लाख किसानों को फायदा पहुंचेगा।

CM शिवराज सिंह चौहान होशंगाबाद जिले के बाबई में किसानों को संबोधित करेंगे। उनके साथ ही भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा भी मौजूद होंगे। कार्यक्रम के अंतर्गत सुबह 11 बजे से मुख्यमंत्री चौहान का संबोधन होगा और दोपहर 12 बजे से PM नरेन्द्र मोदी वर्चुअली किसानों को संबोधित करेंगे।

18 दिसंबर को रायसेन के किसानों से कर चुके हैं बात

कृषि कानूनों के खिलाफ किसान आंदोलन कर रहे हैं। इधर सरकार, किसी न किसी बहाने नए कानूनों के फायदे गिना रही है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 18 दिसंबर को मध्य प्रदेश के किसानों के सम्मेलन को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए संबोधित किया था, 53 मिनट के इस संबोधन में मोदी ने किसानों की सबसे बड़ी चिंता न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) को लेकर एक बार फिर कहा कि MSP न बंद होगी, न खत्म होगी। उन्होंने कहा कि किसान उन लोगों से बचकर रहें, जो कृषि सुधारों पर झूठ का जाल फैला रहे हैं।

यहां पर मौजूद रहेंगे भाजपा नेता

रणवीर सिंह रावत ने बताया कि सुशासन दिवस के कार्यक्रम 25 दिसंबर को विकासखंड स्तर पर आयोजित किए जाएंगे। इन कार्यक्रमों में केंद्रीय मंत्री, प्रदेश शासन के मंत्री, सांसद, विधायक एवं जनप्रतिनिधि किसानों के साथ शामिल होंगे। मुख्यमंत्री और प्रदेश अध्यक्ष समेत केंद्रीय मंत्री थावरचंद गहलोत उज्जैन जिले के खाचरोद में, प्रहलाद पटेल सागर जिले के देवरी में एवं फग्गनसिंह कुलस्ते मंडला जिले के निवास विकासखंड में उपस्थित रहेंगे। इन कार्यक्रमों में बड़ी स्क्रीन पर पीएम मोदी के संबोधन को प्रसारित किया जाएगा।

किसानों को दिए जाएंगे PM, CM और कृषि मंत्री का पत्र

प्रधानमंत्री के संबोधन के पूर्व केंद्रीय मंत्री, सरकार के मंत्री, सांसद, विधायक एवं अन्य जनप्रतिनिधि किसानों को संबोधित करेंगे। इस दौरान वे केंद्र एवं राज्य सरकार की किसान हितैषी योजनाओं, नीतियों एवं कार्यक्रमों की जानकारी के साथ ही प्रधानमंत्री मोदी, कृषि मंत्री तोमर और मुख्यमंत्री चौहान के पत्र भी किसानों को दिए जाएंगे।