बादल छाए, बूंदाबांदी होने से दिन का पारा 3.90 लुढ़का; अरब सागर से नमी आने के कारण बदला मौसम

अफगानिस्तान के ऊपर पश्चिमी विक्षोभ बनने और अरब सागर से नमी मिलने के कारण शुक्रवार काे माैसम अचानक बदल गया। सुबह से बादल छा गए और दाेपहर में 8 घंटे सूरज बादलों में छुपा रहा। शाम 4 बजे बूंदाबांदी हुई। इसके बाद 2 घंटे बाद सर्द हवा चली। इससे दिन का तापमान 3.9 डिग्री सेल्सियस लुढ़ककर 27.8 डिग्री पर आ गया। यह सामान्य से 2.6 डिग्री अधिक रहा। न्यूनतम तापमान 0.2 डिग्री बढ़त के साथ 12.6 डिग्री दर्ज हुआ। यह सामान्य से 4.9 डिग्री अधिक रहा।

एक्सपर्ट- एके शुक्ला मौसम वैज्ञानिक
मौसम में बदलाव के यह हैं 4 प्रमुख कारण

पश्चिमी विक्षोभ अफगानिस्तान एवं उससे लगे इलाके में हवा के ऊपरी भाग में चक्रवात के रूप में बना हुआ है।
दक्षिण पश्चिम राजस्थान में हवा के ऊपरी भाग में एक चक्रवाती हवा का घेरा बना हुआ है।
एक अन्य चक्रवाती हवा का घेरा उत्तरी मध्य महाराष्ट्र में बना हुआ है।
कम दबाव का क्षेत्र अरब सागर में भी बना हुआ है, इस कारण मप्र में आगामी तीन चार दिनों तक वर्षा होने की संभावना है।