आठ दिन पहले अनजाने कॉलर से हुई दाेस्ती, होटल में मिलने बुलाया, धमकी देकर किया दुष्कर्म

ग्वालियर में दोस्ती के नाम पर धोखा देने का मामला सामने आया है। महज आठ दिन पहले एक अनजाने कॉल से शुरू हुई दोस्ती के बाद युवक ने छात्रा को मिलने बुलाया। इसके बाद एक होटल में युवक ने छात्रा के साथ दुष्कर्म किया। घटना दो दिन पहले की है। छात्रा ने मामले की शिकायत पुलिस में की है। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है।

विश्वविद्यालय थाना प्रभारी रामनरेश सिंह यादव ने बताया कि थाटीपुर निवासी 20 वर्षीय युवती जीवाजी यूनिवर्सिटी की छात्रा है। एक सप्ताह पूर्व उसके मोबाइल पर किसी का कॉल आया। कॉलर से कुछ देर बातचीत हुई। इसके बाद वह रोजाना कॉल करने लगा। चंद रोज में दोनों में दोस्ती हो गई। इसके बाद युवक शैलेन्द्र सिंह चौहान निवासी भिंड ने छात्रा को मिलने बुलाया। विश्वविद्यालय इलाके में युवक मिलने आया। यहां से वह छात्रा को अपने साथ लेकर इंदरगंज थाना स्थित होटल में लेकर गया। होटल में उसने छात्रा के साथ दुष्कर्म किया। छात्रा के विरोध पर धमका देकर उसे चुप रहने के लिए कहा। पहले छात्रा घबराई रही। इसके बाद शुक्रवार शाम थाने जाकर शिकायत दर्ज कराई।