90 की बजाय इस बार 110 दिन की हो सकती है सर्दी; बादल छाने के कारण अभी कड़ाके की ठंड से रहेगी राहत

इस बार सर्दी के दिन बढ़ सकते हैं। इसका कारण इस बार बेमौसम बारिश होने के साथ पहाड़ों बर्फबारी होना है। मौसम वैज्ञानिक एके शुक्ला के अनुसार 10 साल बाद 90 की बजाय इस बार सर्दी के दिन बढ़कर कम से कम 110 दिन हो सकते हैं। वैसे मौसम चक्र के अनुसार सर्दी के 120 दिन माने जाते हैं। पिछले साल की तुलना में इस साल सर्दी ने 17 दिन पहले यानी 2 नवंबर को अधिकृत रूप से दस्तक दे दी थी।
रात का तापमान 12 डिग्री सेल्सियस से नीचे पहुंचने पर सर्दी की शुुुरुआत मान ली जाती है। पिछले सालों का ट्रेंड यह रहा है कि 20 फरवरी से पहले सर्दी विदाई ले लेती थी। इस तरह करीब 90 से 92 दिन के अंदर सर्दी विदा हो जाती थी। सर्दी की शुरुआत जल्द होने के कारण इस बार मौसम विभाग का अनुमान सर्दी के करीब 20 दिन बढ़ सकते हैं।
सुबह से निकली धूप तो चढ़ गया पारा
बुधवार को पूरे दिन हल्की धूप रही। इससे अधिकतम तापमान बढ़त के साथ दर्ज हुआ। हालांकि रात का तापमान अभी भी सामान्य से 3 डिग्री ऊपर चल रहे हैं। पिछले दिन की तुलना में अधिकतम तापमान 2.1 डिग्री बढ़त के साथ 25 डिग्री दर्ज किया गया। यह सामान्य से 4 डिग्री कम रहा। न्यूनतम तापमान 0.7 डिग्री गिरावट के साथ 14.8 डिग्री दर्ज किया गया।