मां ने कार्तिक स्नान से रोका तो किशोरी ने लगा ली फांसी, गोंदन थाना क्षेत्र के ग्राम भलका की घटना

मां ने 14 वर्षीय बेटी को कार्तिक स्नान करने से रोका, तो बेटी ने कमरे में जाकर दुपट्टे से फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना दिवाली की रात लगभग नौ बजे थाना गोंदन क्षेत्र के ग्राम भलका की है। घटना के बाद दिवाली की खुशियां मातम बदल गई। सुबह सूचना पर पहुंची पुलिस ने किशोरी काे पीएम के लिए भेजा एवं मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी।

जानकारी के अनुसार नेहा रजक (14) पुत्री बाबूलाल रजक निवासी भलका कार्तिक पर्व मना रही थी। बताया जा रहा है कि दिवाली की रात त्योहार की तैयारियां चल रही थी, इसी बीच किशोरी जमदिया अर्पित करने जाने की जिद करने लगी। जिस पर उसकी मां ने उसे रोक दिया। इस पर वह नाराज हो गई और कमरे में चली गई। बाद में परिवार के सदस्यों ने कमरे में जाकर देखा तो किशोरी ने अपने दुपट्टे से कमरे में फांसी के फंदे पर झूल रही थी।

एक ही झटके में परिवार की खुशियां मातम में बदल गई। बताया जा रहा है कि किशाेरी घर में इकलौती लड़की थी। उसका एक छोटा भाई भी है। भाईदूज के पहले इकलौती बहिन की मौत से वह भी स्तब्ध है। सूचना मिलने पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर किशोरी का शव पीएम के लिए भेजा एवं मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी।