वीरपुर भाजपा मंडल अध्यक्ष के रिश्तेदार से पुलिस ने जंगल में ले जाकर की मारपीट

वीरपुर थाना पुलिस ने भाजपा मंडल अध्यक्ष के रिश्तेदारों के साथ जंगल में ले जाकर बेल्ट और डंडों से मारपीट कर दी। जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। मामले में शुक्रवार को भाजपा जिलाध्यक्ष और मंडल अध्यक्ष की शिकायत के बाद एसपी ने कार्रवाई करते हुए एएसआई को लाइन अटैच कर दिया। जबकि मामले की जांच एडिशनल एसपी को दी है। जानकारी के अनुसार विजयपाल राठौर और उसके चाचा द्वारिका राठौर के नजदीकी रिश्तेदारों के खिलाफ 304 बी का केस दर्ज है। इस मामले में आरोपी फरार चल रहे हैं।

थाना प्रभारी जयनेश जादौन और एएसआई सुरेश धाकड़ ने शक के आधार पर विजयपाल और उसके चाचा द्वारिका राठौर को गुरुवार को उसकी दुकान से पूछताछ के लिए उठा लिया। विजयपाल और उसके चाचा द्वारिका का आरोप है कि पुलिस ने उन्हें जंगल में ले जाकर मारपीट कर दी। बाद में रघुनाथपुर थाने में ले जाकर एसडीओपी के सामने भी पीटा और उनसे रुपयों की मांग की गई। इस संबंध में भाजपा जिलाध्यक्ष सुरेंद्र जाट और वीरपुर भाजपा मंडल अध्यक्ष ने शुक्रवार को एसपी संपत उपाध्याय से शिकायत दर्ज कराई। मामले में एसपी संपत उपाध्याय ने कार्रवाई करते हुए एएसआई सुरेश धाकड़ को तत्काल लाइन अटैच कर दिया। वहीं पूरे मामले की जांच एडिशनल एसपी पीएल कुर्वे को दी है।