160 गाड़ियों से दो पालियों में 1726 टन कचरा उठाने का दावा, लेकिन सड़कों पर दिखे ढेर, नगर निगम ने 40 वाहनों को सर्विसिंग के लिए रखा

ईकोग्रीन कंपनी के वाहनों को टेकओवर करने के बाद भी सफाई व्यवस्था में अभी सुधार नहीं आया है। नगर निगम का दावा है कि दूसरे दिन 160 कचरा गाड़ियों से दो पाली में 1726 टन कचरा उठाया गया, लेकिन हकीकत ये है कि घर-घर कलेक्शन के लिए टिपर वाहन कई जगह दूसरे दिन भी नहीं पहुंचे।

साथ ही सड़कों पर कुछ जगह कचरे के ढेर भी नजर आए। मोती तबेला के ठीक सामने और पास में कचरे के ढेर दिनभर लगे रहे। अभी निगम के पास 40 वाहन ऐसे हैं, जिन्हें सर्विसिंग के लिए रखा गया है। ये दो-तीन दिन में ठीक होकर काम पर लग जाएंगे।

मंगलवार काे ईकोग्रीन से निगम में आए कुछ कर्मचारियों ने स्मार्ट सिटी के बस स्टैंड के पास बने वाहन डिपो (ग्वालियर पूर्व) पर हंगामा किया। उनका कहना था कि कंपनी की जितनी गाड़ियां आई हैं, उन्हें एक साथ निकाला जाए। इस पर निगम स्टाफ ने बताया कि कचरा गाड़ियों की सर्विसिंग कराई जा रही है।

हालांकि बाद में दाे गाड़ियों को कचरा लेने के लिए निकाला गया। अब निगम अफसर बुधवार से डिपो पर पुलिस तैनात कराएंगे। इससे पहले मंगलवार सुबह निगम के वाहनाें में डीजल सप्लाई करने वाली मशीन भी खराब हो गई। टैंकरों में रखे डीजल का उपयोग कर कचरा गाड़ियों को रवाना किया जा सका।

निगमायुक्त ने आईओसी के अफसरों से बात की, आज सुधारा जाएगा पंप

नगर निगम के दो डीजल पंप हैं। पुराना पंप आए दिन खराब हाेता रहता है। जबकि नए पंप काे नगर निगम के जिम्मेदार अभी तक चालू नहीं करा सके हैं। नगर निगम आयुक्त संदीप माकिन और अपर आयुक्त नरोत्तम भार्गव ने मंगलवार को आईओसी के अधिकारियों से बात की। उन्होंने बुधवार को नया पंप चालू कराने का आश्वासन दिया है। इसके अलावा पुराने पंप काे भी ठीक करने के लिए कहा गया है। डीजल डिपो पर बिजली के अलग-अलग कनेक्शन के लिए भी कुछ काम किया गया।

द्वारिकापुरी व प्रेमनगर में लौटा रिक्शा युग, नहीं पहुंची गाड़ी

शहर में कोरोना काल में सफाई व्यवस्था पटरी से नीचे आ चुकी है। शहर के कई इलाकों में न तो पहले कचरा गाड़ियां पहुंच रहीं थीं और न ही निगम के कंपनी के संसाधनों को टेकओवर करने के बाद। द्वारिकापुरी और प्रेम नगर क्षेत्र में भी ऐसा ही हाल है। यहां न तो कंपनी की कचरा गाड़ी पहुंच रही है और न ही निगम का वाहन। यहां रिक्शा युग लौटा है। एक हाथ गाड़ी से कचरा कलेक्शन किया जा रहा है।

शहर में हर घर से लिया जाएगा कचरा, नहीं दिखेंगे ढेर

निगम की कचरा गाड़ियों दो पालियों में संचालित की जा रही हैं। रात में भी कचरा कलेक्शन किया जा रहा है। शहर में घर-घर से हर हाल मे कचरा कलेक्शन होगा। अब सड़कों पर कचरे के ढेर नजर नहीं आएंगे। ईको ग्रीन से आए कर्मचारी हंगामा न करें, इसके लिए ग्वालियर पूर्व डिपो पर पुलिस की व्यवस्था की जाएगी। डीजल स्टेशन पर आ रही समस्या का निदान भी करा दिया गया है।