रात का पारा 2.2 डिग्री से लुढ़ककर 19.3 डिग्री पर, 25 के बाद और गिरेगा, दिनभर छाए रहे बादल

बीते रोज बूंदाबांदी के बाद रात में ठंडक आना फिर से शुरू हो गई है। मंगलवार को न्यूनतम तापमान 2.2 डिग्री गिरावट के साथ 19.3 डिग्री दर्ज किया गया। हालांकि अभी पश्चिमी विक्षोभ उत्तरी पाकिस्तान और जम्मू-कश्मीर के ऊपर सक्रिय होने से नमी आ रही है।

जिस कारण अभी दो दिनों तक बादल छाए रहेंगे। इससे रात के तापमान में ज्यादा बदलाव की उम्मीद नहीं है। मौसम विभाग के अनुसार 22 अक्टूबर से अंचल से मानसून पूरी तरह से विदा हो जाएगा। इससे नमी में गिरावट आएगी और दिन-रात के तापमान में गिरावट आना शुरू हो जाएगी। हालांकि नवंबर के पहले सप्ताह तक रात में सर्दी दस्तक देगी।

दिनभर छाए रहे बादल

मंगलवार को दिन में बिखरे-बिखरे बादल छाए रहे। इस कारण पिछले दिन की तुलना में अधिकतम तापमान 1.1 डिग्री बढ़त के साथ 34 डिग्री दर्ज किया गया। यह सामान्य से 0.4 डिग्री अधिक रहा। जबकि न्यूनतम तापमान 2.2 डिग्री गिरावट के साथ 19.3 डिग्री दर्ज किया गया। यह सामान्य से 2 डिग्री अधिक रहा। सुबह की आर्द्रता 58 फीसदी रही। यह सामान्य से एक फीसदी कम रही।

नमी आने से दो दिन तक बादल छाए रहेंगे

पश्चिमी विक्षोभ के असर से अंचल में नमी आ रही है। इस कारण अगले दो दिन तक बादल छाए रहेंगे। 22 अक्टूबर तक प्रदेश से पूरी तरह मानसून विदा हो जाएगा। जबकि 25 अक्टूबर के बाद तापमान में गिरावट आना शुरू हो जाएगी।